
तेज प्रताप यादव का एक नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह शिवलिंग के सामने तपस्या करते हुए दिख रहे हैं। वह आंख बंद कर शिव का जाप कर रहे हैं।
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। तेज प्रताप यादव को पार्टी (RJD) और परिवार दोनों से निकाल दिया गया है। ये फैसला लालू प्रसाद यादव ने अनुष्का यादव के साथ उनका नाम जुड़ने के बाद लिया है। इसके बाद से तेज प्रताप यादव एक बार फिर सोशल मीडिया पर खासा एक्टिव हो गए हैं। वह शिव की भक्ति पर लीन नजर आ रहे हैं। वह शिवलिंग के सामने बैठकर तपस्या करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
शिव की भक्ति में खोए तेज प्रताप यादव
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेज प्रताप यादव ने एक वीडियो अपलोड किया है। इस वीडियो में तेज प्रताप यादव शिवलिंग के सामने माथे पर चंदन और भगवा रंग के कपड़े (पीतांबर) ओढ़कर तपस्या कर रहे हैं। वह आंख बंद कर भगवान शिव के ध्यान में खोए हुए दिख रहे हैं। एक्स पर अपलोड वीडियो के बैकग्राउंड में लगातार ॐ नम: शिवाय का जाप भी चल रहा है।
वीडियो के साथ लिखा ये कैप्शन
इस वीडियो के साथ ही उन्होंने कैप्शन भी लिखा है। इसमें उन्होंने लिखा,
‘अकाल मृत्यु वो मरे जो काम करे चाण्डाल का,
काल भी उसका क्या बिगाड़े
जो भक्त हो महाकाल का!
ना पूछो मुझसे मेरी पहचान मैं तो भस्मधारी हूं
हर हर महादेव।’
बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने पहुंचे थे तेज प्रताप यादव
इसके पहले तेज प्रताप यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर वाराणसी के बाबा विश्वनाथ मंदिर का वीडियो अपलोड किया है। इस वीडियो में वह बाबा विश्वनाथ के दर्शन करते हुए दिख रहे हैं। इस वीडियो के साथ भी तेज प्रताप यादव ने कैप्शन लिखा है।
‘बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद हो,
माँ गंगा का निर्मल पवित्र घाट हो,
पूरी दुनिया को मैं भूल जाऊं और
बनारस में मेरा भोला मुझे याद हो
हर हर महादेव बोलना ही होगा।’








