
हरियाणा के रेवाड़ी जिले में आधुनिक जिला जेल परिसर का उद्घाटन किया गया है। सीएम नायब सिंह सैनी ने इसका उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने इस जेल परिसर की खासियत के बारे में भी बताया।
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने रेवाड़ी के फिदेरी गांव में आधुनिक जेल परिसर का उद्घाटन किया। यह जेल परिसर 50 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। इस जेल परिसर का निर्माण 95 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। इस मौके पर सीएम नायब सिंह सैनी ने जेल की खासियत के बारे में भी बताया। वहीं इस अवसर पर सीएम सैनी ने कहा कि राज्य सरकार कैदियों को मुख्यधारा में शामिल करने के लिए विभिन्न अवसर प्रदान करने का प्रयास कर रही है। इस जिला जेल में 1000 कैदियों को एक साथ रखा जा सकता है।
1000 कैदियों को रखने की क्षमता
रेवाड़ी जिला जेल परिसर का उद्घाटन करते हुए सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि कैदियों को कौशल विकास और पुस्तकालय सुविधाएं तथा शैक्षिक एवं मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान की जा रही हैं, ताकि वे बाहर आकर सम्मानजनक जीवन जी सकें। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नई जिला जेल में 1,000 कैदियों को रखा जा सकता है। जेल में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है ताकि कैदियों के लिए सुधार एवं पुनर्वास कार्यक्रम संचालित किये जा सकें।
आधुनिक जिला जेल में क्या-क्या है?
इसके अलावा सीएम के हवाले से एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि प्रशासनिक भवन के अलावा जेल परिसर में कैदियों के लिए 11 बैरक, दो सुरक्षा वार्ड, एक औद्योगिक स्थान, 30 बिस्तरों वाला अस्पताल, नियंत्रण कक्ष, कैंटीन और गोदाम बनाए गए हैं। इसके साथ ही इसमें 74 घर, एक वार्डर छात्रावास, एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, पार्क और सामुदायिक केंद्र का भी निर्माण किया गया है।
हरियाणा की जेलों को किया जा रहा आधुनिक
सीएम नायब सिंह सैनी ने बताया कि हरियाणा की जेलों में 335 वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे कैदी ऑनलाइन अदालत में पेश हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कैदियों के प्रवेश से लेकर रिहाई तक, उनके रहने की स्थिति, मुलाकात, चिकित्सा सुविधाएं, अदालत में पेशी और कैंटीन व्यवस्थाओं तक सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह से कम्प्यूटरीकृत किया जा रहा है। सैनी ने बताया कि हरियाणा में तीन केंद्रीय जेल और 17 जिला जेल हैं। इनकी कुल क्षमता 22,647 कैदियों की है।








