यूक्रेन को लेकर पुतिन का महत्वाकांक्षी बयान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

यूक्रेन को लेकर पुतिन का महत्वाकांक्षी बयान

‘यूक्रेन का आत्मसमर्पण नहीं चाहता रूस, वह पूरा मुल्क ही हमारा है’, व्लादिमीर पुतिन ने जंग के बीच दिया बड़ा बयान

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस यूक्रेन से आत्मसमर्पण नहीं चाहता, बल्कि चाहता है कि वह जमीनी हकीकत को माने।

सेंट पीटर्सबर्ग में हुए इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम (SPIEF) में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को बड़ा बयान दिया। पुतिन ने कहा कि रूस मौजूदा जंग में यूक्रेन से आत्मसमर्पण की मांग नहीं कर रहा है। उन्होंने कीव से ‘जमीनी हकीकत’ को स्वीकार करने की बात कही। पुतिन ने कहा कि रूस और यूक्रेन के लोग एक ही हैं और इस हिसाब से पूरा यूक्रेन रूस का है। उन्होंने एक पुराने नियम का जिक्र किया, जिसके मुताबिक, ‘जहां रूसी सैनिक का पैर पड़ता है, वो जगह हमारी हो जाती है।’ पुतिन ने ये बातें उन सवालों के जवाब में कहीं जिनमें पूछा गया था कि क्या रूस यूक्रेन से उसी तरह बिना शर्त आत्मसमर्पण चाहता है, जैसा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान से मांगा है।

इजरायल-ईरान तनाव पर भी बोले पुतिन

पुतिन ने इजरायल-ईरान तनाव पर भी बात की। उन्होंने कहा कि यूक्रेन का संघर्ष मध्य पूर्व में चल रहे तनाव से पूरी तरह अलग है। पुतिन ने कहा कि दोनों देशों के लिए कोई ऐसा हल निकाला जा सकता है, जो दोनों को मंजूर हो। उन्होंने ग्लोबल साउथ और मध्य पूर्व के देशों से इस मसले में मदद की उम्मीद जताई। पुतिन का कहना था कि किसी एक देश की सुरक्षा दूसरे देशों के नुकसान पर नहीं होनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने ईरान को परमाणु ऊर्जा का अधिकार होने की बात भी कही। पुतिन ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू, ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेशकियन और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप से बात की है। उन्होंने कहा, ‘मैंने रूस का नजरिया साझा किया। उम्मीद है कि हमारे प्रस्तावों पर अमल होगा।’

रूस ने यूक्रेन के 2 शहरों पर ड्रोन से किए हमले

बता दें कि अभी भी रूस और यूक्रेन के बीच भीषण जंग जारी है। यूक्रेनी अधिकारियों की तरफ से शुक्रवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, रूस ने यूक्रेन के 2 शहरों पर ड्रोन हमले किए, जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि रूस ने रात में ड्रोन से हमले किये, जिसमें दक्षिणी यूक्रेन के बंदरगाह शहर ओडेसा और उत्तरपूर्वी शहर खारकीव को निशाना बनाया गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि 20 से अधिक ड्रोन हमलों में 17 और 12 वर्ष की दो लड़कियों सहित कम से कम 24 नागरिक घायल हो गए।

जेलेंस्की ने की रूस पर ज्यादा दबाव बनाने की अपील

बता दें कि इससे पहले जेलेंस्की ने गुरुवार को कहा था कि कीव के 9 मंजिला अपार्टमेंट पर रूसी मिसाइल हमला इस बात का संकेत है कि सीजफायर के लिए मॉस्को पर ज्यादा दबाव डाले जाने की जरूरत है। कीव सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया था कि मंगलवार सुबह कीव पर ड्रोन और मिसाइल से किया गया हमला इस साल राजधानी पर हुआ सबसे घातक हमला है। इस हमले में कम से कम 28 लोग मारे गए और 142 अन्य घायल हो गए। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘टेलीग्राम’ पर अपने संदेश में लिखा, ‘यह हमला दुनिया को यह दिखाता है कि कि रूस युद्धविराम को स्वीकार नहीं करता और हत्या का विकल्प चुनता है।’

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें