विमान हादसे का मलबा अहमदाबाद एयरपोर्ट ले जाया जा रहा है
विमान हादसे के मलबे से ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है। वहीं, अब इस मलबे को मेडिकल कॉलेज के छात्रावास अहमदाबाद एयरपोर्ट पर ले जाया जा रहा है।
अहमदाबाद में 12 जून को एक मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान के मलबे को गुजरात पुलिस ने हवाई अड्डे परिसर में ले जाना शुरू कर दिया है। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के लिए रवाना हुआ विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद मेघाणी नगर में छात्रावास परिसर में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 270 लोगों की जान चली गई थी।
AAIB की निगरानी में रखा जाएगा मलबा
एक अधिकारी ने कहा कि मलबे को दुर्घटनास्थल से गुजरात राज्य विमानन अवसंरचना कंपनी लिमिटेड (GUJSAIL) की इमारत में ले जाया जा रहा है, जो हवाई अड्डे के परिसर में है। इसे विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की निगरानी में रखा जाएगा।
मलबे को शिफ्ट करने में लगेगा 72 घंटे का समय
संयुक्त पुलिस आयुक्त, सेक्टर-दो, जयपालसिंह राठौर ने कहा, ‘हमने यहां दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान के मलबे को आज से जीयूजेएसएआईएल की इमारत में ले जाना शुरू कर दिया है।’ उन्होंने कहा, ‘पूरे मलबे को स्थानांतरित करने में 48 से 72 घंटे लगेंगे।’
ये अमेरिकी एजेंसी भी कर रही जांच
अधिकारी ने कहा, ‘मलबा एएआईबी के कब्जे में रहेगा जो विमान दुर्घटना की जांच कर रहा है।’ एएआईबी के अलावा, अमेरिकी राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) विमान दुर्घटना की अंतरराष्ट्रीय जांच का नेतृत्व कर रहा है।
232 परिवारों को सौंपे गए शव
अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना में मारे गए लोगों में से कम से कम 247 लोगों की अब तक डीएनए नमूने के मिलान के माध्यम से पहचान की गई है और 232 शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं।








