चार राज्यों में हुए उपचुनाव के नतीजे आज, वोटों की गिनती शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चार राज्यों में हुए उपचुनाव के नतीजे आज, वोटों की गिनती शुरू

गुजरात, पंजाब, पश्चिम बंगाल और केरल में उपचुनाव के नतीजे आज आएंगे। गुजरात में दो सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। वहीं, अन्य तीन राज्यों में एक-एक सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं।

चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज सामने आएंगे। मतदान पूरा होने के बाद आज वोटों की गिनती की जा रही है। गुजरात की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल, केरल और पंजाब की एक-एक विधानसभा सीट पर उप चुनाव हो रहे हैं। चार राज्यों की सभी पांच सीटों पर 19 जून को मतदान हुआ था। हालांकि, गुजरात की कुछ जगहों पर परेशानी के बाद चुनाव आयोग ने दोबारा मतदान कराने के आदेश दिए थे। दोबारा मतदान 21 जून को हुआ। उपचुनाव के नतीजों का किसी भी राज्य की सत्ता पर असर नहीं होगा, लेकिन पंजाब में आम आदमी पार्टी को जीत मिलने पर आप को एक राज्यसभा सांसद मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि पंजाब में आप को जीत मिलने पर अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जा सकते हैं।

किस राज्य की किस सीट पर उपचुनाव

  • 9:19 AM (IST)

    कालीगंज में टीएमसी आगे

    नादिया जिले के कालीगंज विधानसभा क्षेत्र में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू हुई। पोस्टल बैलेट की गिनती में तृणमूल कांग्रेस आगे चल रही है।

  • 8:32 AM (IST)

    लुधियाना पश्चिम में 14 राउंड में होगी गिनती

    चार राज्यों की सभी पांच सीटों पर मतगणना शुरू हो चुकी है। लुधियाना पश्चिम सीट पर 14 राउंड में वोटों की गिनती होगी। थोड़ी देर में सभी सीटों पर रुझान आने शुरू हो जाएंगे।

  • 8:27 AM (IST)

    गुजरात की दो सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला

    गुजरात की विसावदर और कडी विधानसभा सीटों पर भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। पूर्व आप विधायक भूपेंद्र भयानी के दिसंबर 2023 में भाजपा में शामिल होने के बाद से खाली हुई जूनागढ़ की विसावदर सीट पर भाजपा ने किरीट पटेल, कांग्रेस ने नितिन रणपरिया और आप ने अपने पूर्व गुजरात अध्यक्ष गोपाल इटालिया को मैदान में उतारा है। मेहसाणा जिले के कादी में, अनुसूचित जाति (एससी) के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित सीट फरवरी में भाजपा विधायक करसन सोलंकी की मृत्यु के बाद से खाली है। सत्तारूढ़ पार्टी ने राजेंद्र चावड़ा को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने रमेश चावड़ा को मैदान में उतारा है, जो 2012 में सीट जीतने वाले पूर्व विधायक हैं, जबकि आप ने जगदीश चावड़ा पर दांव लगाया है।

  • 8:24 AM (IST)

    लुधियाना पश्चिम आप के लिए बेहद अहम

    लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट आप के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी का जनवरी में निधन होने के कारण खाली हो गई थी। इस सीट के लिए कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 1.74 लाख मतदाता करेंगे। राज्य में सत्तारूढ़ ‘आप’ ने उपचुनाव के लिए राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा है। अरोड़ा (61) लुधियाना के उद्योगपति हैं और अपने सामाजिक कल्याण कार्यों के लिए भी जाने जाते हैं। वह ‘कृष्ण प्राण ब्रेस्ट कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट’ चलाते हैं। अरोड़ा 2022 से राज्यसभा के सदस्य हैं। विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने पूर्व मंत्री और कांग्रेस की पंजाब इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष भारत भूषण आशु (51) पर दांव लगाया है। आशु 2012 और 2017 में दो बार इस सीट से विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्हें गोगी ने 7,512 मतों के अंतर से हराया था। आशु पिछली कांग्रेस सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रह चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पार्टी के वरिष्ठ नेता जीवन गुप्ता को मैदान में उतारा है। वह पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के सदस्य हैं। वह इससे पहले पार्टी की प्रदेश इकाई के महासचिव रह चुके हैं। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने उपचुनाव के लिए परोपकर सिंह घुम्मन को अपना उम्मीदवार बनाया है। घुम्मन पेशे से वकील हैं और लुधियाना बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हैं।

    इस सीट में जीत मिलने पर आम आदमी पार्टी के लिए एक राज्यसभा सांसद चुनने का रास्ता साफ हो जाएगा। अटलकलें हैं कि ऐसा होने पर अरविंद केजरीवाल राज्यसभा सांसद बन सकते हैं।

  • 8:21 AM (IST)

    कलीगंज में त्रिकोणीय मुकाबला

    कलीगंज उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस-वाम गठबंधन के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पश्चिम बंगाल में यह पहला चुनाव है। इस वर्ष की शुरुआत में तृणमूल कांग्रेस के विधायक नसीरुद्दीन अहमद के निधन के कारण यह उपचुनाव जरूरी हो गया था। तृणमूल कांग्रेस ने नसीरुद्दीन अहमद की बेटी, 38 वर्षीय अलीफा अहमद को अपना उम्मीदवार बनाया है। अलीफा अहमद बीटेक स्नातक और कॉर्पोरेट पेशेवर हैं। भाजपा ने स्थानीय पंचायत सदस्य और पूर्व मंडल अध्यक्ष आशीष घोष को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम मोर्चा के समर्थन से काबिल उद्दीन शेख को उम्मीदवार बनाया है।

     

  • 8:10 AM (IST)

    नीलांबुर में चौतरफा टक्कर

    सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) समर्थित निर्दलीय विधायक पी.वी. अनवर और सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बीच रास्ते अलग होने से उत्तरी मलप्पुरम जिले में स्थित नीलांबुर में उपचुनाव हो रहे हैं। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की सरकार के लगातार दूसरे कार्यकाल के पूरा होने में कुछ ही महीने शेष हैं, ऐसे में नीलांबुर में उपचुनाव सत्तारूढ़ माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ और विपक्षी दल कांग्रेस नीत यूडीएफ (संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गई है। कांग्रेस ने नीलांबुर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष आर्यदान शौकत को मैदान में उतारा है, जो दिवंगत पार्टी के वरिष्ठ नेता आर्यदान मोहम्मद के पुत्र हैं, वहीं माकपा ने अपने राज्य सचिवालय सदस्य एम. स्वराज पर भरोसा जताया है। दोनों पारंपरिक मोर्चों ने अपनी अपनी जीत को लेकर विश्वास जताया है, वहीं भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने पेशे से वकील मोहन जॉर्ज को मैदान में उतारकर अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया, जो पहले केरल कांग्रेस के विभिन्न गुटों से जुड़े थे।

  • 7:31 AM (IST)

    कडी में मतगणना की तैयारी

    केरल मलप्पुरम में नीलांबुर उपचुनाव के लिए मतगणना से पहले मतगणना केंद्र पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। केरल में कडी सीट पर उपचुनाव हुआ है। यहां 57.91 फीसदी वोटिंग हुई थी।

 

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें