
बिहार के बेगूसराय में एक शख्स ने थानाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर थाने में रील बनाई। इसका वीडियो वायरल होते ही पुलिस की टीम हरकत में आई। पुलिस ने आरोपी सहित तीन को गिरफ्तार किया है।
जिले में बढ़ते अपराध के बीच बदमाश कितने बेखौफ हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि बदमाश थाना परिसर में थाना अध्यक्ष के कमरे में घुसकर थाना अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर रील बनाकर वायरल कर रहे हैं। मामला साहेबपुर कमाल थाना का है, जहां एक युवक थानाध्यक्ष के कार्यालय में घुस गया। इतना ही नहीं उसने कुर्सी पर बैठकर भोजपुरी गाने पर रील वीडियो बनवाया और उसे वायरल कर दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक कुर्सी पर बैठा है और पैर भी टेबल पर रख रहा था। हालांकि वह तुरंत उठ गया और ऑफिस में सिर पर गमछा से मुराठा बांध कर घूम-घूम कर वीडियो बना रहा है।
थानाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर बनाई रील
थाने में युवक के द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो वायरल होते ही देर रात पुलिस एक्शन में आई और आरोपी युवक समेत तीन बदमाशों को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव निवासी अरविंद कुमार महतो का बेटा अभिषेक बराबर थाना आता रहता है। दो दिन पहले भी जब वह थाना आया तो कहीं भी जाने से उसे किसी ने नहीं रोका और उसने थाना के ऑफिस में जाकर मनचाहे तरीके से शॉर्ट वीडियो बनाया। बताया जा रहा है कि वह बराबर आपत्तिजनक तरीके वीडियो-फोटो शूट करवाते रहता है। कुछ दिन पहले उसने पिस्टल के साथ भी फोटो सोशल मीडिया पर लगाया था।
पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
वीडियो वायरल होते ही गुरुवार की देर रात पुलिस ने छापेमारी कर अभिषेक कुमार को उसके खगड़िया जिला के रहने वाले साथी अभिषेक कुमार और दुर्गेश कुमार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभिषेक कुमार के पास से एक पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किया है। इस संबंध में साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि उक्त युवक अभिषेक कुमार को दो दोस्तों के साथ उसके गांव चौकी से एक हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।








