
बिहार चुनाव से पहले आरजेडी अपना संगठन मजबूत कर रही है। खगड़िया की पूर्व सांसद रेणु कुशवाहा आज आरजेडी में शामिल होंगी।
बिहार की पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद रेणु कुशवाहा आज आरजेडी में शामिल होंगी। रेणु को तेजस्वी यादव पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। खगड़िया की सांसद रह चुकी रेणु कुशवाहा बीजेपी, जेडीयू और एलजपी में रह चुकी हैं। राष्ट्रीय जनता दल के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव की तरफ से बताया गया है कि पूर्व मंत्री रेणु कुशवाहा और राघवेंद्र कुशवाहा अपने समर्थकों के साथ आरजेडी में शामिल होंगे। इस मौके पर आरजेडी के बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे।
तीन बार विधायक और एक बार सांसद रह चुकी हैं रेणु
बता दें कि रेणु कुशवाहा तीन बार विधायक और एक बार सांसद रह चुकी हैं। वह दो बार बिहारकी मंत्री भी रह चुकी हैं। 1999 में जेडीयू के टिकट पर रेणु ने आरजेडी के सीनियर नेता आरके राणा की पत्नी को हरा दिया था।
तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश पर साधा निशाना
वहीं, तेजस्वी यादव ने एक्स पर आज एक पोस्ट कर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि महागठबंधन की मजबूती, जनता में बदलाव का निश्चय एवं चुनाव में प्रत्यक्ष हार देखकर अचेत मुख्यमंत्री की मानसिक अनुपस्थिति में भ्रष्ट भूंजा पार्टी अब कुछ भी माने, कुछ भी घोषणा कर सकती है, करा सकती है।
भ्रष्ट भूंजा चौकड़ी इतनी डरी हुई है कि बिहार में प्रत्येक घर का अलग स्कूल, हर गांव का अलग सूरज, अलग स्टेशन, अलग अस्पताल, अलग हवाई अड्डा, अलग विभाग भी बनाने की घोषणा कर सकती है। जो मुख्यमंत्री पांच साल में पांच बार शपथ लेता हो, उनकी कोई बात भरोसे लायक़ है ही नहीं। जो कहता हो कहां से नौकरी आएगी? कहां से पैसा आएगा उनसे आजकल बिना बुलवाए प्रेस नोट के माध्यम से कुछ भी कहलवाया जा रहा है।








