
न्यूयॉर्क के मेयर चुनाव के लिए भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक जोहरान ममदानी ने गोल सेट कर लिया है। डेमोक्रेटिक के प्राइमरी चुनावों में उन्हें विजय हासिल हुई है। अब फाइनल वोटिंग नवंबर 2025 में होगी।
अमेरिका के राष्ट्रपति चुनावों से लेकर नगर निगम और निकाय के चुनावों तक में भारतीय मूल के लोगों को डंका बजता रहा है। अमेरिकी सीनेट में भारतीय मूल के 6 सांसद हैं। अब न्यूयॉर्क को भारतीय मूल का नया मेयर भी मिल सकता है। न्यूयॉर्क मेयर के डेमोक्रेटिक के प्राइमरी चुनावों में भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इस रेस में खुद को आगे रखा है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को प्राइमरी में चुनाव हरा दिया है। आइये जानते हैं कि ममदानी हैं कौन और वह मेयर की रेस तक कैसे पहुंचे, उनका भारत से क्या कनेक्शन है?
सोशल मीडिया से बढ़ाई लोकप्रियता
अगर आप भी इंस्टाग्राम रील्स या टिकटॉक पर समय बिताते हैं तो काले सूट में ज़ोहरान ममदानी को देखा होगा। 2025 का न्यूयॉर्क मेयर चुनाव शुरू होने से पहले डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट ज़ोहरान ममदानी कोई जाना-पहचाना नाम नहीं थे। मगर जल्दी ही उन्होंने सोशलमीडिया के जरिये अपनी लोकप्रियता बढ़ाई और अपने से अधिक अनुभवी प्रतिद्वंद्वी व पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो से प्राथमिक चुनाव में आगे निकल गए। अब ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी में डेमोक्रेटिक मेयर प्राइमरी में जीत का दावा किया है, क्योंकि कुओमो ने हार स्वीकार कर ली है। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार 33 वर्षीय ममदानी को 43.5 प्रतिशत वोट मिले, जबकि कुओमो को 36.4 प्रतिश मत हासिल हुए
भारत से ज़ोहरान ममदानी का कनेक्शन?
ममदानी फिलहाल अमेरिका में क्वींस से प्रगतिशील असेंबलीमैन हैं। जोहरान ममदानी का भारत से एक गहरा रिश्ता है। उनकी माँ मीरा नायर एक प्रसिद्ध भारतीय-अमेरिकी फिल्म निर्माता हैं, जिनकी चर्चित फिल्मों में सलाम बॉम्बे!, मानसून वेडिंग और द नेमसेक शामिल हैं। उनके पिता महमूद ममदानी एक शिक्षाविद् और लेखक हैं। यह परिवार पहले केपटाउन गया था और बाद में न्यूयॉर्क सिटी में बस गया। तब ज़ोहरान की उम्र केवल 7 साल थी। मीरा नायर ने मिसिसिपी मसाला भी निर्देशित की थी, जिसमें डेंज़ेल वॉशिंगटन और सरिता चौधरी मुख्य भूमिकाओं में थे। यह फिल्म 1991 में आई थी और इसमें युगांडा से भारतीयों के निष्कासन की कहानी थी। इसी फिल्म की शूटिंग लोकेशन खोजते समय मीरा नायर की मुलाकात महमूद ममदानी से हुई थी, जिन्हें ईदी अमीन के शासन में युगांडा से बाहर कर दिया गया था। दोनों ने शादी की और महमूद के काम के चलते कई जगहों पर रहने के बाद, न्यूयॉर्क को अपना स्थायी घर बना लिया। मीरा नायर की एक और चर्चित फिल्म क्वीन ऑफ कटवे (2016) है, जिसमें ज़ोहरान ने कास्टिंग और निर्देशन में सहायता की थी।
ज़ोहरान ममदानी की शहर के लिए योजनाएं क्या हैं?
ममदानी के ज़मीनी स्तर पर चलाए गए अभियान ने न्यूयॉर्क सिटी में कई लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उनका मेयर अभियान साहसिक विचारों से भरा था। जैसे मुफ्त चाइल्ड केयर, किराये पर नियंत्रण, घरों के लिए किराये पर फ्रीज़, मुफ्त बस सेवा, सस्ती आवास योजनाएं, और अमीरों पर ज्यादा कर लगाने की योजना। ये सभी विचार सोशल मीडिया पर अच्छे से बनाए गए वीडियो के जरिए फैलाए गए। उनकी टीम में ज्यादातर स्वयंसेवक युवा थे, जिन्होंने शहर भर में दरवाजे-दरवाजे जाकर समर्थन मांगा। शहर की दुकानों पर उनके पोस्टर अक्सर दिखाई देते थे। उनकी सोशल मीडिया पर मौजूदगी इतनी मज़बूत थी कि उनकी कैंपेन वीडियो देखे बिना रहना मुश्किल था। इसका उन्हें फायदा भी हुआ।
गाजा पर हुए हमलों के बाद चर्चा में आए ममदानी
ममदानी ने ग़ज़ा में इज़रायल के हमलों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाकर भी सुर्खियाँ बटोरीं। उन्होंने वादा किया कि अगर इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू न्यूयॉर्क आए, तो वे उन्हें गिरफ़्तार करेंगे। यह बयान इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट द्वारा नेतन्याहू के खिलाफ युद्ध अपराधों का वारंट जारी करने के बाद आया था, जिसमें भूख को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने के आरोप शामिल थे। अगर ममदानी चुने जाते हैं, तो वे न्यूयॉर्क सिटी के पहले मुस्लिम और भारतीय मूल के मेयर होंगे। वे कॉलेज खत्म करने के बाद अमेरिका के नागरिक बने थे और कॉलेज में ‘स्टूडेंट्स फॉर जस्टिस इन पलेस्टाइन’ चैप्टर के सह-संस्थापक थे।
ममदानी का राजनीतिक सफर
ममदानी को 2020 में न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के लिए चुना गया था, जहां उन्होंने एक पायलट योजना चलाई थी, जिसमें कुछ बसों पर एक साल तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई थी। अब न्यूयॉर्क मेयर पद के लिए लड़ रहे हैं। इस चुनाव में जीत लगभग सुनिश्चित होने के बाद, ममदानी ने अपने समर्थकों से कहा, “मैं न्यूयॉर्क सिटी के मेयर के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बनूंगा।” “मैं हर न्यूयॉर्कवासी का मेयर बनूंगा — चाहे आपने मुझे वोट दिया हो, गवर्नर कुओमो को, या फिर आप एक टूट चुकी राजनीतिक व्यवस्था से इतने निराश हों कि आपने वोट ही न दिया हो। मैं ऐसा मेयर बनने की कोशिश करूंगा जिस पर आप गर्व कर सकें।”
प्रतिद्वंदी ने मानी हार
कभी अपने राजनीतिक पुनरागमन की उम्मीद लगाए बैठे ममदानी के निकटतम प्रतिद्वंदी एंड्रयू कुओमो ने हार मान ली है। जबकि उन्हें पहले चुनाव में आगे माना जा रहा था। कुओमो ने अपने समर्थकों से कहा कि उन्होंने ममदानी को बधाई देने के लिए कॉल किया। “आज की रात उनकी है। उन्होंने इसे जीता है और वे इसके हकदार हैं। नतीजे आने के बाद ममदानी ने नेल्सन मंडेला का एक उद्धरण एक्स पर पोस्ट किया, “यह हमेशा असंभव लगता है जब तक कि यह पूरा न हो जाए। मेरे दोस्तों, यह हो गया है और यह आपने किया है। मैं आपके डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बनने पर गर्व महसूस करता हूं।” न्यूयॉर्क सिटी का मेयर चुनाव नवंबर 2025 में होगा, जिसमें ममदानी का मुकाबला मौजूदा मेयर एरिक एडम्स और रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा से होगा।








