यूपी-हरियाणा समेत तीन राज्यों में NIA की छापामारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देश के तीन राज्यों में एनआईए ने की छापेमारी
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 18 ठिकानों पर आतंकी साजिश के मामले में छापेमारी की। यह कार्रवाई पंजाब में आतंकवाद को पुनर्जीवित करने के प्रयासों, लक्षित हत्याओं, जबरन वसूली और अवैध हथियार तस्करी से जुड़ी है।  

 राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार को आतंकी साजिश के एक मामले में देश के तीन राज्यों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 18 जगहों पर NIA ने छापेमारी की है।

पंजाब में 9, हरियाणा में 7 और यूपी में 2 जगहों पर संदिग्धों के ठिकानों पर सुबह से ही छापेमारी चल रही है। एनआईए की टीम ने विशेष इनपुट के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान NIA ने तीनों राज्यों के राज्य पुलिस बल द्वारा सहायता भी ली।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पहले भी पंजाब में भारत और विदेशों में सक्रिय खालिस्तान समर्थक समूहों और अन्य राष्ट्रविरोधी तत्वों से कथित रूप से जुड़े आतंकवादी नेटवर्क के संबंध में छापेमारी करती रही है।

किस साजिश की हो रही जांच?

आतंकवाद निरोधक एजेंसी लक्षित हत्याओं, जबरन वसूली और तस्करी के माध्यम से पंजाब में आतंकवाद को पुनर्जीवित करने के प्रयासों से जुड़ी एक बड़ी साजिश की जांच कर रही है।

इससे पहले 22 जून को NIA ने पंजाब आतंकी साजिश मामले में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के आतंकवादी लखबीर सिंह (जिसे लांडा के नाम से भी जाना जाता है) और खूंखार गैंगस्टर पवित्तर बटाला के प्रमुख सहयोगी जतिंदर सिंह के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।

NIA ने क्या बताया?

NIA ने एक बयान में कहा है कि पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले जतिंदर सिंह उर्फ जोती को एनआईए ने 23 दिसंबर, 2024 को मुंबई के गिरफ्तार किया था। NIA ने जांच के दौरान पाया कि जतिंदर मध्य प्रदेश से पंजाब के गैंगस्टरों को अवैध रूप से हथियार खरीदकर सप्लाई करने में शामिल था।

जांच में सामने आया कि जतिंदर नामित व्यक्तिगत आतंकवादी लखबीर सिंह उर्फ लांडा के करीबी सहयोगी बटाला के जमीनी गुर्गों को हथियारों की आपूर्ति में मदद कर रहा था।

बता दें, बटाला के विदेश स्थित सहयोगी भारत में जतिंदर के संचालन का समन्वय कर रहे थे। पंजाब में बटाला के गुर्गों द्वारा BKI की आपराधिक-आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हथियारों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

किससे हथियार खरीदता था जतिंदर?

NIA की जांच के दौरान यह भी पता चला कि जतिंदर मध्यप्रदेश में एक ज्ञात हथियार आपूर्तिकर्ता बलजीत सिंह उर्फ राणा भाई से अवैध हथियार खरीदता था। बलजीत को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और NIA ने उसके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है।

आरोपी LEA द्वारा पता लगाने से बचने के लिए वर्चुअल नंबर और एन्क्रिप्टेड एप्लिकेशन का इस्तेमाल कर रहे थे। एनआईए इस साजिश में लांडा के साथ-साथ नामिक आतंकवादी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा और उनके विदेश स्थित साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें