अमेरिका और चीन ने व्यापार समझौते पर किए हस्ताक्षर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अमेरिका और चीन के बीच हुआ व्यापार समझौता
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और हॉवर्ड लुटनिक दोनों ने ही समझौते के बारे में कोई डिटेल साझा नहीं की है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अमेरिका और चीन ने व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने ब्लूमबर्ग टीवी को बताया कि चीन के साथ इस हफ्ते की शुरुआत में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। हालांकि, ट्रंप और लुटनिक दोनों ने ही समझौते के बारे में कोई डिटेल साझा नहीं की है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने गुरुवार देर रात कहा, ‘‘ हमने अभी-अभी चीन के साथ इस समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।’’ बताते चलें कि डोनाल्ड ट्रंप ने जल्द ही भारत के साथ भी व्यापार समझौता होने की उम्मीद जताई है।

व्यापार समझौते के तहत बराबरी से पहल करेंगे दोनों देश

हॉवर्ड लुटनिक ने कहा कि इस समझौते पर दो दिन पहले ही हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने कहा, ‘‘ राष्ट्रपति को समझौते करने हैं। हम एक के बाद एक समझौते करने जा रहे हैं।’’ चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि दोनों पक्षों ने समझौते की रूपरेखा के विवरण की पुष्टि की है। लेकिन उसके बयान में स्पष्ट रूप से दुर्लभ खनिजों तक अमेरिका की पहुंच का उल्लेख नहीं किया गया है, जिसका इस्तेमाल इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसे हाई टेक्नोलॉजी वाले प्रोडक्ट्स में होता है। चीन का दुर्लभ खनिज के एक्सपोर्ट को सीमित करना विवाद का मुख्य मुद्दा रहा है। इसमें कहा गया है कि चीन उन नियंत्रित चीजों के निर्यात आवेदनों को मंजूरी देगा जो कानून के अनुसार शर्तों को पूरा करते हैं। अमेरिका तदनुसार चीन के खिलाफ उठाए गए प्रतिबंधात्मक उपायों की एक श्रृंखला को रद्द कर देगा। उम्मीद है कि अमेरिका और चीन दोनों बराबरी से पहल करेंगे।’’

भारत और अमेरिका के बीच होने वाली है बहुत बड़ी डील!

डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में रिपब्लिकन पार्टी के टैक्स और एक्सपेंडिचर कटौती विधेयक को पारित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में कहा, ‘‘ हमारे पास कुछ बेहतरीन समझौते हैं। हम एक और समझौता करने जा रहे हैं, संभवत: भारत के साथ, बहुत बड़ा। हम भारत के लिए रास्ते खोलने जा रहे हैं।’’ राष्ट्रपति ने साथ ही कहा, ‘‘ हम हर किसी के साथ समझौता नहीं करने जा रहे। कुछ लोगों को हम सिर्फ एक चिट्ठी भेजकर कहेंगे कि आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। आप 25, 35, 45 प्रतिशत टैरिफ का भुगतान करेंगे। ये एक आसान तरीका है।’’ बताते चलें कि डोनाल्ड ट्रंप ने 2 अप्रैल को घोषित किए गए नई टैरिफ पॉलिसी पर 9 जुलाई तक के लिए रोक लगा रखी है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें