
ईरान से जंग के दौरान इजरायली सेना ने तेहरान की कुख्यात एविन जेल पर बहुत घातक हमला किया था। ईरान ने माना है कि इजरायल का यह हमला बहुत भयावह था, जिसमें सैनिकों, कैदियों और मिलने वालों समेत कम से कम 71 लोग मारे गए थे।
ईरान से चल रहे युद्ध के दौरान इजरायल ने तेहरान की कुख्यात एविन जेल पर बहुत भयानक हमला किया था। ईरान की न्यायपालिका ने कहा कि जेल पर गत सोमवार को इजरायल द्वारा किए गए हमले में कम से कम 71 लोग मारे गए थे। इस जेल में कई राजनीतिक कार्यकर्ताओं को रखा गया है।
यह ईरान के ऊपर इजरायल का बहुत बड़ा हमला माना जा रहा है। सरकारी समाचार एजेंसी ‘मिजान’ की वेबसाइट पर रविवार को प्रसारित खबर में न्यायपालिका के प्रवक्ता असगर जहांगीर ने कहा कि मारे गए लोगों में कर्मचारी, सैनिक, कैदी और मिलने आए परिवारों के सदस्य शामिल हैं।
क्यों कुख्यात है एविन जेल?
एविन जेल तेहरान के एविन इलाके में स्थित है। इसलिए इसे एविन जेल कहते हैं। यहां 10 से 15 हजार कैदियों को रखने की व्यवस्था है। यहां पर प्रमुख रूप से राजनीतिक नजरबंद लोगों, पत्रकारों, अकादमिक लोगों, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं, दोहरी नागरिकता धारक और विदेशी कैदी रखे जाते हैं। मानवाधिकार समूहों ने इस जेल को यातना का प्रतीक बताते हुए कई बार दोषी ठहराया है, जहां बिटिंग और इलेक्ट्रिक शॉक से लेकर सॉलीट्री प्रभाव, फोर्स्ड कॉन्फेशन, नींद वंचना और यौन शोषण जैसी यातनाएं शामिल हैं। इजरायल के हमले में जेल का मुख्य गेट, प्रशासनिक भवन, चिकित्सा केंद्र और विज़िट हॉल सहित कई हिस्से ध्वस्त हो गए थे।








