
रेलवे ने टाटा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस का नंबर और समय जारी कर दिया है। यह ट्रेन 15 सितम्बर से चलेगी और 450 किलोमीटर की दूरी 7 घंटे 15 मिनट में तय करेगी। इसमें कुल आठ कोच होंगे और यह छह स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन की औसत गति 62 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।
टाटा और पटना के बीच बहुप्रतीक्षित वंदे भारत एक्सप्रेस 15 सितंबर से दौड़ेगी। रेलवे ने इस ट्रेन का नंबर, समय सारिणी और ठहराव की घोषणा कर दी है। यह ट्रेन 450 किलोमीटर की दूरी 7 घंटे 15 मिनट में तय करेगी, जिसकी औसत गति 62 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इसमें कुल आठ कोच होंगे। टाटा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस का नंबर 20893 होगा, जबकि पटना से टाटा के लिए यह ट्रेन नंबर 20894 से चलेगी। यह ट्रेन छह स्टेशनों- मुरी, बोकारो स्टील सिटी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस (गोमो), पारसनाथ, कोडरमा और गया में रुकेगी। इसके अलावा, राजबेड़ा में एक तकनीकी ठहराव भी होगा।
टाटा से सुबह 5:30 बजे पटना के लिए होगी रवाना
यह ट्रेन टाटा से गोमो के बीच 110 किलोमीटर प्रति घंटे, गोमो से गया के बीच 130 किलोमीटर प्रति घंटे और गया से पटना के बीच 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी। टाटा से चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 5:30 बजे रवाना होगी और 7:15 बजे मुरी, 8:10 बजे बोकारो स्टील सिटी, 8:55 बजे गोमो, 9:07 बजे पारसनाथ, 9:55 बजे कोडरमा और 11:10 बजे गया पहुंचेगी। दोपहर 12:45 बजे पटना पहुंचेगी।
पटना से 14:15 बजे खुलेगी
पटना से यह ट्रेन दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी और 3:40 बजे गया, 4:40 बजे कोडरमा, 5:45 बजे पारसनाथ, 6:00 बजे गोमो, 6:47 बजे बोकारो स्टील सिटी और 7:25 बजे मुरी पहुंचेगी। रात 9:30 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
माना जा रहा है कि इस ट्रेन के शुरू होने से टाटा और पटना के बीच यात्रा करने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी। इससे व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वंदे भारत एक्सप्रेस में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा।








