
सीकर में चोर एसबीआई का एटीएम ही उखाड़कर ले गए। बदमाशों ने सिक्योरिटी गार्ड को रस्सियों से बंधकर बनाकर पीटा। घटना का सीसीटीवी सामने आया है।
राजस्थान के सीकर जिले के अजीतगढ़ कस्बे में गुरुवार देर रात बदमाशों ने भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम को उखाड़कर ले जाने की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने सबसे पहले एटीएम की सुरक्षा में तैनात सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट कर उसे रस्सियों से बांध दिया, फिर सीसीटीवी कैमरों के कनेक्शन काटकर पूरी वारदात को अंजाम दिया। वारदात के समय बदमाश चेहरे ढके हुए थे।
एटीएम में 18 लाख 24 हजार रुपए थे
पुलिस के अनुसार, यह घटना चौमू रोड पर स्थित एक सरकारी स्कूल के पास स्थापित एटीएम में रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच घटी। बदमाश दो गाड़ियों में सवार होकर आए थे और उनके चेहरे पर सफेद कपड़े बंधे हुए थे ताकि पहचान न हो सके। गार्ड गजेंद्र सिंह को बंधक बनाने के बाद उन्होंने एटीएम मशीन को उखाड़ लिया। मशीन में उस समय करीब 18 लाख 24 हजार रुपए नकद रखे हुए थे। घटना की सूचना बैंक के अधिकारियों और पुलिस को दी गई।
सीसीटीवी में नकाबपोश बदमाश एटीएम में जाते दिखे
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। एक फुटेज में कुछ नकाबपोश बदमाश एटीएम के अंदर घुसते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह पूरी घटना पूर्व नियोजित थी और बदमाशों ने पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रोष भी देखने को मिल रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।








