
चीन के सिचुआन प्रांत में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ और मडफ्लो के चलते एक पूरा गांव ढह गया है। दर्जनों घर, पुल और सड़कें मडफ्लो की चपेट में आकर ध्वस्त हो गए हैं।
चीन के दक्षिण-पश्चिमी सिचुआन प्रांत में हाल में हुई भारी बारिश के बाद आई भीषण बाढ़ ने व्यापक तबाही मचाई है। शनिवार को आई रिपोर्टों के अनुसार, क्षेत्र में तेज़ वर्षा के बाद अचानक आई कीचड़युक्त बाढ़ (मडफ्लो) ने कई गांवों में घरों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। सरकारी मीडिया के अनुसार, मडफ्लो की चपेट में आकर दर्जनों घर ढह गए हैं और कई परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। इसमें एक पूरा गांव चपेट में आ गया।
घर और पुल ढहे, सड़कें बंद
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि सिचुआन के याएन और मेइशान शहरों में भारी वर्षा के कारण पहाड़ों से मडफ्लो नीचे की बस्तियों में तेजी से फैल गई। इससे सड़कें बंद हो गईं, पुल बह गए और संचार व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई। आपातकालीन राहत कार्य जारी है और सैकड़ों बचावकर्मी राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं। अब तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए विशेष खोजी दल और बचाव कुत्तों को लगाया गया है। प्रभावित इलाकों में बिजली और पानी की आपूर्ति भी बाधित है। इस मंजर का वीडियो मॉस्को न्यूज ने एक्स पर शेयर किया है।
सिचुआन में भारी बारिश की चेतावनी
चीन के मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में सिचुआन और आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा जारी रह सकती है, जिससे बाढ़ और मडफ्लो की स्थिति और गंभीर हो सकती है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऊंचे और सुरक्षित स्थानों की ओर चले जाएं और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें।
क्यों हुआ मडफ्लो?
विशेषज्ञों के अनुसार जलवायु परिवर्तन और अनियंत्रित निर्माण कार्यों के चलते इस क्षेत्र में भूस्खलन और मडफ्लो की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। चीन में मानसून के दौरान बाढ़ एक आम समस्या बन गई है, लेकिन इस बार सिचुआन में तबाही की तीव्रता विशेष रूप से अधिक देखी जा रही है। सरकार ने प्रभावित लोगों के पुनर्वास और राहत के लिए विशेष फंड जारी करने की घोषणा की है और आवश्यक संसाधनों को तेजी से प्रभावित इलाकों में पहुंचाया जा रहा है।
मेट्रो स्टेशन और मॉल में आई ऐसी बाढ़
चीन के सिचुआन समेत कई शहरों में बाढ़ और बारिश के चलते कई मेट्रो स्टेशनों में पानी भर गया है। कई जगह मॉल और शॉपिंग कॉम्पलेक्स जल-बहाव से लबालब हो गए हैं। इसके एक वीडियो भी एक्स पर शेयर किया गया है।








