सावन के पहले दिन CM योगी ने किया रुद्राभिषेक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

CM योगी ने किया रुद्राभिषेक
सावन के पहले दिन सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। उन्होंने X पर तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए सभी को श्रावण मास की शुभकामनाएं दीं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सावन मास के पहले दिन गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने जल, दूध और ऋतुफल के रस से भगवान शिव का अभिषेक किया। सीएम योगी ने देवाधिदेव महादेव से प्रदेश वासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की। सीएम योगी के द्वारा रुद्राभिषेक का यह अनुष्ठान हवन के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर सीएम योगी ने अपने आधिकारिक X हैंडल से एक श्लोक के साथ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किया।

सीएम योगी ने X पर पोस्ट किया श्लोक

सीएम योगी ने एक्स पर लिखा, ‘शान्ताकारं शिखरिशयनं नीलकण्ठं सुरेशं, विश्वाधारं स्फटिकसदृशं शुभ्रवर्णं शुभाङ्गम्। गौरीकान्तं त्रितयनयनं योगिभिर्ध्यानगम्यं, वन्दे शम्भुं भवभयहरं सर्वलोकैकनाथम्।।’ देवाधिदेव महादेव के प्रिय श्रावण मास के प्रथम दिवस के पावन अवसर पर आज गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर समस्त प्रदेश वासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। हर हर महादेव!’ बता दें कि सावन मास को भगवान शिव का प्रिय महीना माना जाता है। इस दौरान गोरखनाथ मंदिर में भी श्रद्धालु दर्शन-पूजन करते हैं।

 

 

सावन में इस बार पड़ रहे हैं 4 सोमवार

बता दें कि सावन के महीने की शुरुआत के साथ ही देश भर के शिव मंदिरों में विशेष पूजा पाठ किया जा रहा है। आज से ही कांवड़ यात्रा की शुरुआत भी हो गई है। हिंदू मान्यताओं के मुताबिक इस पवित्र महीने में भगवान भोलेनाथ की आराधना करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यही वजह है कि आज सुबह से ही शिव मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। काशी विश्वनाथ, बाबा वैद्यनाथ से लेकर उज्जैन महाकाल मंदिर तक आज सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। इस बार सावन में चार सोमवार पड़ रहे हैं। इस सावन का पहला सोमवार 14 जुलाई को जबकि आखिरी सोमवार 4 अगस्त को पड़ेगा।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें