
दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की फ्लाइट का इंजन फेल हो गया, जिससे हड़कंप मच गया। फ्लाइट की मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
इंडिगो ने बयान किया जारी
प्रवक्ता ने कहा कि खराबी का पता चलते ही उचित प्रक्रियाओं के बाद, विमान को डायवर्ट कर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। हालांकि परिचालन फिर से शुरू करने से पहले विमान की आवश्यक जांच और रखरखाव किया जाएगा। यात्रियों को कोई परेशानी ना हो और उनकी यात्रा पूरी करने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है। वैकल्पिक विमान से यात्रियों को शीघ्र ही रवाना किया जाएगा। इस अप्रत्याशित स्थिति के कारण हमारे ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। इंडिगो में, ग्राहकों, चालक दल और विमान की सुरक्षा सर्वोपरि है।”
हवा में फेल हुआ इंजन
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से उड़ान भरने के बाद विमान का एक इंजन मिड-एयर में फेल हो गया, जिसके बाद पायलट ने तुरंत इसकी सूचना दी और फिर मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। बुधवार की रात 9 बजकर 25 बजे इमरजेंसी अलार्म बजाए जाने के बाद, एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू किए गए, फायर टेंडर और एम्बुलेंस को स्टैंडबाय पर रखा गया और फिर फ्लाइट की रात के 9 बजकर 42 मिनट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।








