
निवेशकों ने एक्सिस बैंक के ताजा वित्तीय परिणामों के बाजार की उम्मीदों से कम रहने के कारण बैंकिंग शेयरों को लेकर सतर्कता दिखाई। एक्सिस बैंक का शेयर सबसे ज्यादा 5.24 प्रतिशत गिरा।
विदेशी फंड के बाहर जाने और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली के चलते घरेलू शेयर बाजार सप्ताह के आखिरी कारोबारी सत्र में भारी गिरावट के साथ बंद हुए। बेंचमार्क स्टॉक इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 501.51 अंक या 0.61 प्रतिशत टूटकर 81,757.73 पर बंद हुआ। दिन के दौरान यह 651.11 अंक या 0.79 प्रतिशत गिरकर 81,608.13 के निचले स्तर पर भी पहुंचा। इसी तरह, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 143.05 अंक या 0.57 प्रतिशत गिरकर 24,968.40 पर बंद हुआ।
बैंकिंग शेयरों को लेकर सतर्क रहे निवेशक
खबर के मुताबिक, मार्केट एनालिस्ट्स का कहना है कि निवेशकों ने एक्सिस बैंक के ताजा वित्तीय परिणामों के बाजार की उम्मीदों से कम रहने के कारण बैंकिंग शेयरों को लेकर सतर्कता दिखाई। सेंसेक्स की कंपनियों में, एक्सिस बैंक सबसे ज्यादा 5.24 प्रतिशत गिरा। बैंक को जून तिमाही में समेकित शुद्ध लाभ में 3 प्रतिशत की कमी का सामना करना पड़ा, जो 6,243.72 करोड़ रुपये रहा। इस पर गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) और लोन अपग्रेड नीति में बदलाव का असर पड़ा।
इन प्रमुख बैंकिंग शेयरों में रही गिरावट
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के प्राइम रिसर्च के प्रमुख देवरश वकील ने कहा कि एक्सिस बैंक के वित्तीय परिणाम बाजार की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। उनका कहना है कि ध्यान देने वाली बात है कि एक्सिस बैंक का GDR गुरुवार को 4.8 प्रतिशत गिरकर 64.30 अमेरिकी डॉलर पर आ गया, जो जून तिमाही में बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता खराब होने का संकेत है। बैंकिंग क्षेत्र के प्रमुख शेयरों में एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया गिरावट में रहे।
इन स्टॉक्स में दिखी तेजी
बैंकिंग शेयरों में गिरावट के चलते बीएसई बैंकएक्स 1.33 प्रतिशत गिरकर 62,741.65 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के अन्य पिछड़े शेयरों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन और ईटरनल शामिल थे। वहीं, बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक और इन्फोसिस तेजी में रहे।
कैसा रहा एशियाई बाजारों में रुझान
एशियाई बाजारों की बात करें तो दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्की 225 गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि शंघाई का SSE कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक पॉजिटिव रुख के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार लाभ के साथ ट्रेड कर रहे थे, जबकि अमेरिकी बाजार गुरुवार को मजबूती के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.92 प्रतिशत बढ़कर 70.16 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गई। गुरुवार को सेंसेक्स 375.24 अंक या 0.45 प्रतिशत गिरकर 82,259.24 पर बंद हुआ था। निफ्टी 100.60 अंक या 0.40 प्रतिशत नीचे जाकर 25,111.45 पर बंद हुआ था।








