बिहार की राजधानी पटना में एक स्कूल के शौचालय में छात्रा गंभीर रूप से जली हुई अवस्था में मिली थी। छात्रा को जल्दी से अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उसने वहां दम तोड़ दिया।
बिहार की राजधानी पटना से बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी स्कूल की शौचालय में 12 वर्ष की छात्रा बुरी तरह से जली हुई अवस्था में पाई गई। यह पूरी घटना बुधवार को सामने आई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, छात्रा को बचाया नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई है। आइए जानते हैं इस पूरी घटना के बारे में।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, ये घटना राजधानी पटना के गर्दनी बाग इलाके से सामने आई है। यहां गर्ल्स मिडिल स्कूल के शौचालय में 5वीं कक्षा की एक छात्रा गंभीर रूप से जली हुई हालत में बेहोश मिली थी। पुलिस ने बताया- ‘‘पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लड़की को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि लड़की गंभीर रूप से कैसे जल गई और वह शौचालय कैसे पहुंची। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।’’
बच्ची के परिजनों ने किया हंगामा
पटना की पुलिस अधीक्षक (मध्य) ने इस घटना को लेकर बताया है कि बच्ची की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिवार के सदस्य स्कूल में पहुंचे थे। उन्होंने वहां हंगामा किया और कुछ पुलिसकर्मियों पर हमला भी किया। हालांकि, पुलिस द्वारा जल्द ही स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया। पुलिस ने मृतक बच्ची की पहचान उजागर नहीं की है।








