
पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में साउथ अफ्रीका महिला टीम की बल्लेबाज तैजमिन ब्रिट्स ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 141 गेंदों में 171 रन बनाए।
महिला वर्ल्ड कप 2025 की शुरुआत 30 सितंबर से होने वाली है। इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले साउथ अफ्रीका की टीम पाकिस्तान का दौरा कर रही है। दोनों टीमों के बीच इस वक्त तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के पहले दो मैचों में साउथ अफ्रीका की सलामी बल्लेबाज तैजमिन ब्रिट्स ने शानदार बैटिंग करते हुए शतक लगाया है। पाकिस्तान को पहले वनडे में हराने के बाद साउथ अफ्रीकी टीम के बल्लेबाजों ने दूसरे वनडे में भी कमाल का प्रदर्शन किया।
तैजमिन ब्रिट्स ने लगाया लगातार तीन वनडे मैच में शतक
लाहौर में खेले गए दूसरे वनडे में साउथ अफ्रीका महिला टीम की सलामी बल्लेबाज तैजमिन ब्रिट्स ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने सिर्फ 106 गेंदों में सेंचुरी पूरी की। अंत में वह 141 गेंदों में 20 चौके और 4 छक्के की मदद से 171 रन बनाकर आउट हुईं। बता दें ब्रिट्स के लिए वनडे में यह लगातार तीसरा शतक है और इसके साथ ही उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
तैजमिन ब्रिट्स के नाम हुआ ये खास रिकॉर्ड
तैजमिन ब्रिट्स महिला वनडे क्रिकेट में लगातार तीन मैचों में तीन शतक लगाने वाली पहली साउथ अफ्रीकी क्रिकेटर हैं। महिला वनडे में सिर्फ एमी सैटरवेट के नाम अब तक लगातार 4 मैचों में 4 शतक लगाने का रिकॉर्ड है। अब ब्रिट्स ने लगातार तीन मैचों में ये कारनामा दोहराया है। अगले मैच में ब्रिट्स शतक लगाकर सैटरवेट के इस रिकॉर्ड की बराबरी कर सकती हैं। ब्रिट्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला शतक लगाया था। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में उन्होंने नाबाद 101 रनों की पारी खेली और अब उन्होंने दूसरे वनडे में भी उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 171 रन बनाए।
शानदार फॉर्म में चल रही हैं तैजमिन ब्रिट्स
ब्रिट्स की बात करें तो साल 2025 में उन्होंने जमकर रन बनाए हैं। साउथ अफ्रीका के इस महिला खिलाड़ी ने इस साल 9 पारियों में 4 शतक लगाए हैं। तैजमिन ने अब तक 39 वनडे मैचों में 38.35 की औसत से 1419 रन बनाए हैं। ब्रिट्स अब इसी फॉर्म के साथ महिला वनडे वर्ल्ड कप में भी बल्लेबाजी करना चाहेगी। अब देखना ये होगा पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में वह शतक लगा पाती हैं या नहीं। दूसरे वनडे में साउथ अफ्रीका की महिला टीम ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 293 रन का टारगेट रखा है।








