
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि वह इस बारे में सीएम से बात करेंगे। बता दें कि सीएम ने मंत्रिमंडल में फेरबदल के संकेत दिए थे।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बयान दिया है। उन्होंने रविवार को कहा कि वह नई दिल्ली आते-जाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में फेरबदल के बारे में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया वह बात करेंगे। बता दें कि इससे पहले सिद्धरमैया ने शनिवार को संकेत दिया कि मंत्रिमंडल में फेरबदल नवंबर के बाद होगा, जब उनकी सरकार ढाई साल पूरे कर लेगी। डीके शिवकुमार ने दिल्ली रवाना होने से पहले कहा, ‘‘मैं नियमित रूप से वहां (नई दिल्ली) जाता हूं। जब भी काम होता है, मैं वहां जाता हूं। मैं आलाकमान से मिलने, आराम के लिये, खरीदारी करने और अदालती मामलों के लिए भी वहां जाता हूं।’’
मेट्रो रेल नेटवर्क का करना है विस्तार
वहीं बेंगलुरु की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के बारे में डीके शिवकुमार ने कहा, ‘‘हमें मेट्रो रेल नेटवर्क का विस्तार करना है। केंद्र परियोजना की कुल लागत का केवल 13 से 14 प्रतिशत ही देगा। बाकी सब कुछ हम वहन करेंगे। फिर भी हम यह काम कर रहे हैं। हम अपना काम करेंगे।’’ नागरिक हितधारकों के साथ बातचीत पर शिवकुमार ने कहा, ‘‘मैंने मोहनदास पई और किरण मजूमदार शॉ से मुलाकात की। मैंने उनकी राय ली। हम उन्हें सिर्फ इसलिए नहीं छोड़ सकते क्योंकि वे हमारी आलोचना करते हैं। वे बेंगलुरु का हिस्सा हैं। उन्होंने कुछ अच्छे सुझाव दिए हैं। हमें उन्हें लोकतांत्रिक और नौकरशाही व्यवस्था के भीतर पूरा करना होगा। वे करदाता हैं। हमें उनकी बात सुननी होगी।’’
तेजस्वी सूर्या से करेंगे बात
सुरंग सड़क परियोजना के विरोध का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, ‘‘सुरंग सड़क का विरोध कोई और नहीं बल्कि तेजस्वी सूर्या कर रहे हैं। उन्होंने मुझसे मुलाकात का समय मांगा है। मैंने उन्हें मुलाकात के लिए समय दिया है। वह एक जनप्रतिनिधि हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें आकर चर्चा करने दीजिए। आलोचना करना महत्वपूर्ण नहीं है – उन्हें ऐसा करने दीजिए – लेकिन साथ ही उन्हें समाधान भी सुझाना चाहिए। जब वे स्पष्ट रूप से ‘नहीं’ कहते हैं, तो उन्हें समाधान भी बताना चाहिए। यदि उनका सुझाव व्यावहारिक है, तो हम उस पर विचार करेंगे।’’








