
गैंगस्टर सुनील सरधानिया कोस्टारिका में फर्जी पासपोर्ट पर रह रहा था। जब वह भारत लौटा तो गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस को तीन मामलों में उसकी तलाश थी।
बॉलीवुड सिंगर फाजिलपुरिया पर फायरिंग का आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा गया है। गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आरोपी को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। कुख्यात गैंगस्टर हरियाणा का ही रहने वाला है, लेकिन कई दिनों से वह देश से बाहर था। पुलिस को तीन मामलों में उसकी तलाश थी। आरोपी की पहचान सुनील सरधनिया के रूप में हुई है। फाजिलपुरिया पर हुई फायरिंग के मामले में वह मुख्य सरगना था।
गैंगस्टर सुनील सरधानिया कोस्टारिका में फर्जी पासपोर्ट पर रह रहा था। वह भारत लौटा तो दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी पश्चिम करण गोयल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी का बयान
करण गोयल ने कहा, “सुनील सरधनिया एक कुख्यात गैंगस्टर है, जिसके खिलाफ न केवल हरियाणा में बल्कि अन्य राज्यों में भी विभिन्न अपराधों के तहत लगभग 24 पुराने मामले दर्ज हैं। आज हमारी टीम को बड़ी सफलता मिली, हमने उसे दिल्ली हवाई अड्डे पर पकड़ लिया। वह सोनीपत के सरधनिया गांव का निवासी है और 39 साल का है। हाल ही में वह गुड़गांव में 3 बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है। जुलाई 2025 में गायक फाजिलपुरिया पर गोलीबारी, अगस्त 2025 में हुआ रोहित शौकीन हत्याकांड और रहेजा बिल्डर्स के कार्यालय के बाहर गोलीबारी। इन तीन मामलों में फंसने के बाद, हमने आज उसे गिरफ्तार कर लिया है।”
14 जुलाई को फाजिलपुरिया पर हुई थी फायरिंग
14 जुलाई को सेक्टर 71 में सिंगर राहुल फजिलपुरिया की गाड़ी पर फायरिंग हुई थी। सरधनिया ने अपने साथी गैंगस्टर दीपक नंदा के साथ मिलकर फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। उसने 4 अगस्त को सेक्टर 77 में फजिलपुरिया के करीबी रोहित शौकीन की हत्या की जिम्मेदारी भी ली थी। ज्यूरिख से दिल्ली पहुंचने पर सरधनिया को एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार कर लिया। सरधानिया ने दबाव बढ़ने पर पुलिस से संपर्क किया और वापस लौटा। दीपक नंदा से अनबन के बाद उसने यह कदम उठाया है। पुलिस को अब दीपक नंदा गैंग के बारे में कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं।








