गद्दा बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गद्दा बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में एक गद्दा बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर छह मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया है।

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में बड़ा हादसा हो गया। जिले के एक औद्योगिक क्षेत्र में गद्दा बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया है। कानपुर देहात के पुलिस अधीक्षक (एसपी) बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि यह घटना शनिवार की है।

कानपुर देहात के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रनिया के खानपुर खड़ंजा रोड पर शनिवार को आरपी पॉली प्लास्ट प्राइवेट लिमिटेड में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई, जिसके कारण एलपीजी गैस सिलेंडर से फैक्ट्री में विस्फोट हो गया और छत ढह गई। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री के निदेशक शिशिर गर्ग ने दमकल केंद्र को सूचित किया, जिसके बाद अग्निशमन गाड़ियां भेजी गईं।

कई मजदूर अभी भी लापता 

उन्होंने बताया कि अग्निशमन कर्मियों ने शनिवार को तीन किशोर मजदूरों के पूरी तरह से जले हुए शव बरामद किए। उन्होंने बताया कि देर शाम को अमित (19) नाम के एक मजदूर ने लाला लाजपत राय (एलएलआर) अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि अजीत (16) और विशाल (20) ने लखनऊ के एसजीपीजीआई में अंतिम सांस ली। एसपी ने बताया कि मनोज (18), प्रियांशु (19) और लव-कुश (19) अभी तक लापता हैं।

उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से झुलसे लोगों को लाला लाजपत राय (एलएलआर) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से मजदूरों को उनकी गंभीर स्थिति के बाद लखनऊ के एसजीपीजीआई में शिफ्ट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने फैक्ट्री के तीनों निदेशकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक इस संबंध में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। 

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें