
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन दिवसीय अमेरिकी दौरे का आज दूसरा दिन है। राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय बैठक और क्वाड सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद पीएम मोदी न्यूयॉर्क पहुंचे जहां पर वह संयुक्त राष्ट्र के भविष्य के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके अलावा वह प्रवासी भारतीयों के समूह को भी संबोधित करेंगे। जानिए कार्यक्रम से जुड़ी खास बातें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने अमेरिकी दौरे के दूसरे दिन न्यूयॉर्क के लॉन्ग आईलैंड में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करने वाले हैं। उनके इस मेगा इवेंट में हजारों की संख्या में प्रशंसक जुटे हैं। आयोजकों का कहना है कि ऐसा लग रहा है मानो दीवाली है। पीएम के पहुंचने से पहले विभिन्न कलाकारों के समूह सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ ही देर में न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड स्थित नासाउ कोलिजीयम में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करेंगे। उनका स्वागत करने के लिए 42 अलग-अलग राज्यों से 15,000 भारतीय प्रवासी एकत्रित होंगे।
पीएम मोदी न्यूयॉर्क में स्थानीय समयानुसार दोपहर के आसपास “मोदी और अमेरिका” कार्यक्रम को संबोधित करने वाले हैं। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए, कार्यक्रम आयोजन समिति के एक सदस्य जगदीश सेव्हानी ने कहा, ‘यह न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड में नासाउ कोलिजीयम में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम है। ऐसा लग रहा है कि हम यहां दिवाली मना रहे हैं। 42 अलग-अलग राज्यों से 15,000 भारतीय प्रवासी यहां न्यूयॉर्क आए हैं।’
500 से अधिक कलाकारों का प्रदर्शन
जगदीश ने कहा कि 500 से अधिक कलाकार प्रदर्शन करने जा रहे हैं और हम सभी पीएम मोदी का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘यह पहली बार है कि 75 साल में कोई भारतीय प्रधानमंत्री लॉन्ग आइलैंड आ रहा है। नासाउ काउंटी के मेयर इतने उत्साहित हैं कि उन्होंने कहा कि वे न केवल भारत में बल्कि दुनिया में सबसे लोकप्रिय नेता का स्वागत करने जा रहे हैं।’
सांस्कृतिक प्रस्तुति दे रहे हैं कलाकार
पीएम मोदी के पहुंचने से पहले न्यूयॉर्क लॉन्ग आइलैंड में नासाऊ कोलिजीयम के अंदर भारतीय समुदाय के कलाकार नृत्य प्रस्तुत कर रहे हैं। यह सब प्रधानमंत्री मोदी के मोदी एंड यूएस कार्यक्रम से पहले किया गया, जहां वे कुछ ही देर बाद भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे
कार्यक्रम की मुख्य बातें
- एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार पीएम मोदी से मिलने के लिए प्रवासी भारतीय भी बेहद उत्सुक हैं और कार्यक्रम से लगभग पांच घंटे पहले से ही लोग इकट्ठा होने लगे हैं। इसमें विभिन्न समूहों के कलाकार पारंपरिक संगीत प्रस्तुत करने की तैयारी भी कर रहे हैं।
- पीएम मोदी लगभग 9:30 बजे (भारतीय समयानुसार) “मोदी और अमेरिका” कार्यक्रम को संबोधित करने वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी के पहुंचने से पहले भारतीय समुदाय के कलाकार विभिन्न लोकगीतों पर प्रस्तुति दें रहे हैं।
- भारतीय शेफ और रेस्तरां मालिक विकास खन्ना ने एएनआई से बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हें परिवार का ऐसा बुजुर्ग बताया, जो सभी को एक साथ लाता है।
- एएनआई से बात करते हुए खन्ना ने कहा, ‘भारतीय समुदाय का उत्थान केवल एकजुट रहकर ही हो सकता है। मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री परिवार के ऐसे बुजुर्ग हैं, जो सभी को एक साथ लाते हैं। यह न केवल भारतीयों के लिए बल्कि दुनिया के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है कि वे एक साथ आने की हमारी असली ताकत को देखें।’
- इससे पहले “मोदी और अमेरिका” कार्यक्रम के आयोजन समिति के प्रमुख सुहाग शुक्ला ने कार्यक्रम का सार बताते हुए कहा था कि यह भारतीय-अमेरिकी प्रवासियों का उत्सव है, जो भारत की सॉफ्ट पावर का एक अभिन्न अंग है।
- शुक्ला ने एएनआई को बताया, ‘मोदी और यूएस वास्तव में भारत और यूएस के बारे में है। यह भारतीय-अमेरिकी प्रवासियों, अपनी मातृभूमि के प्रति हमारे प्रेम और यूएस-भारत साझेदारी का जश्न है। भारतीय प्रवासी भारत की सॉफ्ट पावर का हिस्सा हैं। हम सांस्कृतिक राजदूत हैं, जो विविधता में एकता का उदाहरण है।’
- इससे पहले एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने भारतीय प्रवासियों के सदस्यों के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं और लिखा, ‘डेलावेयर में कार्यक्रमों के बाद न्यूयॉर्क पहुंचा। शहर में सामुदायिक कार्यक्रम में प्रवासियों के बीच रहने और अन्य कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उत्सुक हूं।’
- विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र में भविष्य के शिखर सम्मेलन (एसओटीएफ) में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे थे। प्रधानमंत्री इस यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क में प्रमुख द्विपक्षीय बैठकों की अध्यक्षता करेंगे।








