
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज दिल्ली विधानसभा के सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पीएम मोदी की भी आलोचना की।
दिल्ली विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सदन को संबोधित किया। केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष मुझे और सिसोदिया को जेल से बाहर देखकर दुखी है। पीएम मोदी ताकतवार हैं लेकिन वह भगवान नहीं हो सकते। पूर्व सीएम केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली को ठप करके बीजेपी खुश हो रही है। बीजेपी ने दिल्ली के दो करोड़ लोगों की जिंदगी खराब कर दी। केजरीवाल ने बीजेपी से कहा कि हमने 500 मोहल्ला क्लिनिक बनाया है तो आप 5 हजार बनाओ ना। आपको किसने रोका है।
बीजेपी पर बरसे केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी ने जो काम बंद करवाएं हैं उसे मैं फिर से चालू करवाउंगा। मैं दिल्ली की जनता को परेशान नहीं होने दूंगा। रावण का भी अभिमान नहीं टिका था। बीजेपी को दिल्ली की जनता चुनाव में करारा जवाब देगी। बीजेपी वालों ने फर्जी केस चलाकर हमारी पार्टी के सीनियर नेताओं को जेल में डाला। मुझे बेइमान साबित करने के लिए बीजेपी ने कोई हथकंडा नहीं छोड़ा।








