
हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। हरियाणा में बीजेपी तीसरी बार सरकार बना सकती है जबकि जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस गठबंधन ने रुझानों में बहुमत हासिल कर लिया है।
हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। हरियाणा के रुझानों और नतीजों में भारतीय जनता पार्टी की लगातार तीसरी बार सरकार बन रही है। वहीं जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन के रुझानों में बहुमत मिल चुका है। यहां बीजेपी और पीडीपी पीछे चल रही है। दोनों ही राज्यों में 90-90 सीटों के लिए वोटिंग हुई थी। जम्मू-कश्मीर में तीन फेज जबकि हरियाणा में एक फेज में वोटिंग हुई थी। हरियाणा में सत्तारूढ़ बीजेपी पहले भी यह भरोसा जता चुकी थी कि वह लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए सत्ता बरकरार रखने में कामयाब होगी। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में किया कार्यकर्ताओं का स्वागत
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में अपने आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं का स्वागत किया। चुनाव आयोग के रुझानों के मुताबिक बीजेपी 50 सीटों पर आगे है, कांग्रेस 35 सीटों पर है।
कांग्रेस लगातार झूठ फैलाने का काम कर रही थी: खट्टर
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, ‘कांग्रेस लगातार झूठ फैलाने का काम कर रही थी लेकिन जनता ने उनकी बात को नकारा। सरकार की जो काम करने की नीतियां हैं, जो उपलब्धियां हैं उसे जनता ने स्वीकार किया। यह अपने-आप में एक रिकॉर्ड बना है क्योंकि हरियाणा में किसी पार्टी की तीसरी बार सरकार नहीं बनी थी। भाजपा ने हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाई है।’








