रेल हादसों को लेकर कब जागेगी सरकार?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राहुल गाँधी
ट्रेन संख्या 12578 मैसुरु डिब्रूगढ़ दरभंगा बागमती एक्सप्रेस को 11 अक्टूबर को रात आठ बजकर 27 मिनट पर तिरुवल्लूर जिले में पोन्नेरी स्टेशन पार करने के बाद मेन लाइन को छोड़कर लूप लाइन पर चली गई।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तमिलनाडु में हुए ट्रेन हादसे को लेकर शनिवार को सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जवाबदेही शीर्ष स्तर से शुरू होती है। अनेक हादसों के बावजूद कोई सबक नहीं लिया गया। उन्होंने यह सवाल भी किया कि आखिर कितने परिवारों के तबाह होने के बाद यह सरकार जागेगी?

कोई सबक नहीं लिया जाता

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैसूर-दरभंगा ट्रेन दुर्घटना भयावह बालासोर दुर्घटना को प्रतिबिंबित करती है। एक यात्री ट्रेन एक मालगाड़ी से टकरा गई। अनेक दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान चले जाने के बावजूद कोई सबक नहीं लिया जाता। जवाबदेही सबसे ऊपर से शुरू होती है।’’ उन्होंने सवाल किया कि आखिर कितने परिवारों के तबाह होने के बाद यह सरकार जागेगी?

मालगाड़ी से टकराई ट्रेन

तमिलनाडु के पोन्नेरी-कावरापेट्टई रेलवे स्टेशनों के बीच चेन्नई-गुडूर रेलखंड पर ट्रेन संख्या 12578 मैसूर-दरभंगा एक्सप्रेस की पीछे से एक मालगाड़ी से टक्कर हो गई। इस हादसे में 19 लोग घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक जिस वक्त यह ट्रेन हादसे का शिकार हुई उस वक्त इसकी स्पीड करीब 75 किमी प्रतिघंटा थी। हादसे की जो मुख्य वजह सामने आई है उसके मुताबिक यह ट्रेन मेन लाइन में जाने के बजाय लूप लाइन में चली गई।

हादसे के बाद ट्रेन के एक डिब्बे में आग भी लग गई। जैसे ही हादसे की खबर मिली मौके पर राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया गया। दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव खुद वार रूम में पहुंच गए और राहत एवं बचाव की निगरानी करने लगे। उधर, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने घटना पर दुख जताया है।

रात आठ बजकर 27 मिनट पर हादसा

रेलवे बोर्ड ने कहा है कि चेन्नई रेल डिवीजन के पोन्नेरी-कावरापेट्टई खंड में हुई एक्सप्रेस ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर में किसी यात्री की मौत होने की खबर नहीं है। दक्षिण रेलवे ने एक प्रेस रिलीज में बताया कि एलएचबी डिब्बों वाली ट्रेन संख्या 12578 मैसुरु डिब्रूगढ़ दरभंगा बागमती एक्सप्रेस को 11 अक्टूबर को रात आठ बजकर 27 मिनट पर तिरुवल्लूर जिले में पोन्नेरी स्टेशन पार करने के बाद आगे बढ़ने के लिए ग्रीन सिग्नल दिया गया था, लेकिन ‘‘कावरापेट्टई स्टेशन में प्रवेश करते समय ट्रेन के चालक दल को तेज झटका लगा और ट्रेन मेन लाइन में जाने के बजाय लूपलाइन में प्रवेश कर गई और वहां खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई।  रेलवे ने बताया कि रेल मार्ग के प्रभावित हिस्से में ट्रेनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। रेलवे की कोशिश है जल्द से जल्द प्रभावित मार्ग पर रेल परिचालन को सामान्य किया जाए।

 

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें