ट्रंप ने कमला हैरिस पर किया सियासी वार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डोनाल्ड ट्रम्प और कमला हैर्रिस

अमेरिका में होने वाला राष्ट्रपति चुनाव बेहद दिलचस्प होता जा रहा है। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कमला हैरिस पर सियासी वार किया है। ट्रंप ने कहा कि हैरिस अमेरिका की राष्ट्रपति बनने के योग्य नहीं हैं।

अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव को देखते हुए उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विस्कॉन्सिन में रैलियां कीं और चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण इस राज्य में खुद को बीस साबित करने की कोशिश की। सीएनएन के नए सर्वेक्षणों से पता चला है कि डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हैरिस को मिशिगन और विस्कॉन्सिन में मामूली बढ़त हासिल है, जबकि पेंसिल्वेनिया में दोनों के बीच कांटे की टक्कर है। सर्वेक्षणों के अनुसार, मिशिगन में हैरिस ने संभावित मतदाताओं के बीच ट्रंप पर 40 प्रतिशत से अधिक की बढ़त बना रखी है।

‘हैरिस राष्ट्रपति बनने के योग्य नहीं’ 

राष्ट्रपति चुनाव के लिए प्रचार के दौरान ट्रंप ने हैरिस पर तीखा हमला बोला और राष्ट्रपति जो बाइडेन की टिप्पणियों का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने ट्रंप के समर्थकों को “कचरा” कहा था। ट्रंप विस्कॉन्सिन के ग्रीन बे क्षेत्र में कचरा उठाते समय पहनी जाने वाली जैकेट पहनकर एक डंपर ट्रक में सवार होकर रैली में पहुंचे और अपने हजारों समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि हैरिस राष्ट्रपति बनने के योग्य नहीं हैं। उन्होंने कहा, “जो (बाइडेन) और कमला के लिए मेरी प्रतिक्रिया बहुत सरल है, यदि आप अमेरिकियों से प्यार नहीं करते हैं तो आप अमेरिका का नेतृत्व नहीं कर सकते, यह सच है। यदि आप अमेरिकी लोगों से नफरत करते हैं तो आप राष्ट्रपति नहीं बन सकते। मेरा मानना ​​है कि वो ऐसा करते हैं, और कमला हैरिस अमेरिका की राष्ट्रपति बनने के योग्य नहीं हैं।” ट्रंप ने कहा, “कमला, आपका खेल खत्म हो चुका है।”

हैरिस ने बाइडेन के बयान से बनाई दूरी

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, कमला हैरिस ने बाइडेन के उस विवादास्पद बयान से दूरी बना ली है, जिसमें उन्होंने ट्रंप के समर्थकों को ‘कचरा’ कहा था। हैरिस ने कहा कि वह किसी के मत के आधार पर उसकी आलोचना करने से पूरी तरह असहमत हैं। हैरिस ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘मेरा मानना ​​है कि मेरा काम सभी लोगों को प्रतिनिधित्व करना है, चाहे वो मेरा समर्थन करें या ना करें। अमेरिका की राष्ट्रपति के रूप में, मैं सभी अमेरिकियों के लिए राष्ट्रपति रहूंगी, चाहे आप मुझे वोट दें या ना दें।’’ अमेरिका में पांच नवंबर को मतदान होना है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें