
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में है भारतीय टीम सीरीज पहले ही गंवा चुकी है, ऐसे में वह इस मुकाबले को जीतकर क्लीन स्वीप से बचना चाहेगी
टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट
सीरीज का आखिरी मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में है. मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम ने अपनी पहली पारी में 235 रन बनाए. जवाब में भारतीय टीम ने पहले दिन (1 नवंबर) स्टम्प तक अपनी पहली पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 86 रन बना लिए. ऋषभ पंत 0 और शुभमन गिल 31 रन बनाकर क्रीज पर हैं. भारतीय टीम पहली पारी के आधार पर कीवी टीम से अब भी 149 रन पीछे है.
भारत की पहली पारी की हाइलाइट्सः विराट हुए रनआउट
भारतीय टीम की पहली पारी में शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने सस्ते में कप्तान रोहित शर्मा का विकेट गंवा दिया. रोहित 18 रन बनाकर तेज गेंदबाज मैट हेनरी की गेंद पर कप्तान टॉम लैथम के हाथों लपके गए. रोहित शर्मा के आउट होने के समय भारत का स्कोर 25/1 रन था. इसके बाद यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल के बीच दूसरे विकेट के लिए 53 रनों की पार्टनरशिप हुई. एजाज पटेल ने यशस्वी (30 रन) को बोल्ड करके इस साझेदारी का अंत किया. फिर एजाज पटेल ने अगली ही गेंद पर नाइटवॉचमैन मोहम्मद सिराज (0) को भी एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. भारतीय टीम को पहले दिन सबसे बड़ा झटका विराट कोहली (4 रन) के रूप में लगा, जो मैट हेनरी के डायरेक्ट थ्रो पर रनआउट हुए. कोहली ने 4 रन बनाए
पहली पारी: जडेजा के 5 और सुंदर के 4 विकेट
पहली पारी में न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही. चौथे ही ओवर में कीवी टीम को पहला झटका लग गया, जब डेवोन कॉन्वे तेज गेंदबाज आकाश दीप की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए. कॉन्वे ने 11 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 4 रन बनाए. कॉन्वे के आउट होने के समय न्यूजीलैंड का स्कोर 15/1 रन था. इसके बाद टॉम लैथम और विल यंग ने 44 रनों की पार्टनरशिप की. वॉशिंगटन सुंदर ने लैथम (28 रन) को आउट करके इस साझेदारी का अंत किया, सुंदर ने इसके बाद रचिन रवींद्र को आउट करके भारत को बड़ी सफलता दिलाई. रवींद्र 5 रन बनाकर सुंदर की गेंद पर बोल्ड हो गए.
यहां से डेरिल मिचेल और विल यंग के बीच चौथे विकेट के लिए 87 रनों की पार्टनरशिप हुई. रवींद्र जडेजा ने इस पार्टनरशिप को ब्रेक किया. जडेजा ने पहले विल यंग को कप्तान रोहित शर्मा के हाथों कैच आउट कराया. यंग ने चार चौके और दो सिक्स की मदद से 138 गेंदों पर 71 रन बनाए. फिर जडेजा ने 45वें ओवर ही टॉम ब्लंडेन को भी बोल्ड कर दिया, जो खाता नहीं खोल सके. ब्लंडेल के आउट होने के समय न्यूजीलैंड का स्कोर 159/5 रन था. जडेजा ने ग्लेन फिलिप्स (17 रन) को भी सस्ते में आउट कर दिया.








