उत्तराखंड के अल्मोड़ा में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुमाऊं के कमीश्नर दीपक रावत के मुताबिक़ बस हादसे में 36 लोगों की मौत हुई है और 15 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है.
रावत के मुताबिक यह बस रामनगर जा रही थी जो मार्चुला में सल्ट के पास कोपि नाम की जगह पर गिरी है.
अल्मोड़ा के सल्ट इलाक़े के एसडीएम संजय कुमार ने बीबीसी हिंदी को बताया, “दुर्घटना में मृत लोगों के शव निकाले जा रहे हैं. घायलों को उपचार के लिये अस्पताल भेजा जा रहा है.”

बस में कितने लोग सवार थे?

गढ़वाल मोटर्स यूनियन लिमिटेड ने हादसे में मरने वालों की एक सूची जारी करते हुए बस के बारे में पूरी जानकारी दी है.
यूनियन ने दावा किया है कि दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर यूपी(12 पीए-0061) था जिसमें 37 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था थी.
उनका दावा है कि दुर्घटना के समय मौके पर ही 28 लोगों की मौत हो गई जिसमें दो शवों की पहचान नहीं हो पाई है, जबकि रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में आठ लोगों की मौत हुई जिसमें एक महिला के शव की पहचान नहीं हो पाई है.
यूनियन के मुताबिक रामनगर में इन आठ शवों का पोस्टमार्टम कर उन्हें परिजनों को सुपुर्द किया जा रहा है.

हादसे को लेकर आक्रोश

बीजेपी सांसद अजय भट्ट

इमेज कैप्शन,बीजेपी सांसद अजय भट्ट रामनगर अस्पताल पहुंचे तो लोगों ने उनसे सवाल जवाब किया.
उधर हादसे को लेकर रामनगर के रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय में पहुंचे बीजेपी सांसद अजय भट्ट का कुछ लोगों ने विरोध किया.
सामाजिक कार्यकर्ता ललित उप्रेती संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ‘घायलों को अगर समय पर इलाज मिल जाता तो बहुत सारे लोगों की जान बचाई जा सकती थी.’
ललित उप्रेती के अनुसार रामनगर अस्पताल में पहुंचे भाजपा सांसद अजय भट्ट को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ा.
उनकी मांग है कि, “पहाड़ के सभी रूटों पर सरकारी बसें चलाने और रामनगर के सरकारी अस्पताल को पीपीपी मोड से बाहर कर ट्रॉमा सेंटर में तब्दील किया जाए. इसके अलावा मृतकों के परिजनों को 20 लाख व घायलों को 10 लाख रुपए मुआवजा दिया जाए.”
भारत में बसें परिवहन का आम माध्यम हैं ख़ासकर छोटे कस्बों और ज़िला मुख्यालयों के बीच. हालांकि बस ऑपरेटर्स सुरक्षा के नियमों की अनदेखी करते हैं और क्षमता से अधिक यात्रियों को बस में भर लेते हैं.
भारत में हर साल लगभग 1,60,000 लोग सड़क हादसों में जान गंवा देते हैं और यह संख्या दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले कहीं ज़्यादा है.

मुआवज़े की घोषणा

पुष्कर धामी
इमेज कैप्शन,राज्य और केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों और घायलों को मुआवज़े का एलान किया है.
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी ने मृतकों के परिजनों और घायलों को सहायता राशि देने का एलान करते हुए कहा, “मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये और घायलों को 1 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी. आयुक्त कुमाऊं मंडल को घटना की जांच के लिए निर्देश दिए हैं.”

केंद्र सरकार ने भी मुआवज़ा देने का एलान किया है.

प्रधानमंत्री कार्यालय के सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना में हताहत लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है, “राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव के हरसंभव प्रयास में जुटा है.”

पीएमओ ने कहा है कि प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने हताहतों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है.

उन्होंने एक्स पर लिखा, “अल्मोड़ा, उत्तराखंड में यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिरने से बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद है….कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से मेरी अपील है कि राहत एवं बचाव कार्यों में यथासंभव मदद करें.”
Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें