
सूरजकुंड में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर-निगम की टीम को नागरिकों के साथ ही पार्षदों के विरोध का सामना करना पड़ा। वार्ड नंबर 60 विकास नगर के पार्षद अजय ओझा बुलडोजर के सामने धरने पर बैठ गए। काफी प्रयास के बाद भी विरोध के स्वर नहीं थमे तो नगर निगम के अधिकारियों ने पीएसी बुलाई। पीएसी आने के बाद बातचीत के बीच 25 घरों की चहारदीवारीरैंप और सीढ़ियों को तोड़ा गया।
वार्ड नंबर 66 नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर के सूरजकुंड में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को नागरिकों के साथ ही पार्षदों के विरोध का सामना करना पड़ा। वार्ड नंबर 60 विकास नगर के पार्षद अजय ओझा बुलडोजर के सामने धरने पर बैठ गए।
उन्होंने कहा कि बुलडोजर उनके ऊपर से होकर गुजरेगा तभी अतिक्रमण हटेगा। काफी प्रयास के बाद भी विरोध के स्वर नहीं थमे तो नगर निगम के अधिकारियों ने पीएसी बुलाई। पीएसी आने के बाद बातचीत के बीच 25 घरों की चहारदीवारी, रैंप और सीढ़ियों को तोड़ा गया। कुछ दुकानों और पार्किंग के स्थान को तोड़ने के लिए नागरिकों को दो दिन की मोहलत दी गई है।
सिधारीपुर से उपकेंद्र तक नगर निगम को नाला का निर्माण कराना है। जिस जगह से नाला गुजरना है वहां चहारदीवारी, रैंप व सीढ़ियों का निर्माण हो गया है। कुछ लोगों ने दुकानें भी बना ली हैं। बुधवार सुबह नौ बजे नगर निगम के पांच बुलडोजर के साथ प्रवर्तन बल की टीम पहुंची। थोड़ी देर बाद सहायक अभियंता शैलेश कुमार और अधिशासी अभियंता अमरजीत भी पहुंचे।

नगर निगम ने पहले ही निशान लगा दिया था। जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई विकासनगर के पार्षद अजय ओझा बुलडोजर के सामने आ गए। उनकी नगर निगम कर्मियों से नोकझोंक शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पार्षद का तेवर देख अधिशासी अभियंता मौके पर अपना वाहन छोड़कर चले गए। वह काफी देर बाद लौटे। अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने मामला संभाला।
अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने कहा कि सिधारीपुर से उपकेंद्र तक सड़क की चौड़ाई 18 मीटर है, लेकिन कई लोगों ने सड़क पर निर्माण करा लिया है। इस कारण कहीं चार तो कहीं छह मीटर तक सड़क पतली हो गई है। नाला निर्माण के लिए 50 लाख रुपये पहले से स्वीकृत हैं। नागरिकों की सहूलियत के लिए निर्माण कराया जा रहा है। सभी को डेढ़ महीने पहले से ही बताया जा रहा है। दो दिन पहले नगर आयुक्त से मुलाकात में भी कहा गया था कि अतिक्रमण हटाया जाएगा। समझा-बुझाकर अतिक्रमण हटा दिया गया है।
पार्षद के पति ने लगाया मनमानी का आरोप
वार्ड नंबर 66 की पार्षद आरती सिंह के पति मोहन सिंह ने नगर निगम पर मनमानी का आरोप लगाया। कहा कि रसूलपुर से सिधारीपुर तक दो किलोमीटर के दायरे में सैकड़ों अतिक्रमण हैं लेकिन नगर निगम के अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जो लोग विरोध नहीं करते, उन्हें ही दबाया जा रहा है। नागरिकों को न तो नोटिस दिया गया और न ही मौका।
Author: Red Max Media
Post Views: 21








