
खनौरी बॉर्डर पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन जारी है। उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है। किसानों ने मंगलवार को उनके समर्थन में एक दिवसीय भूख हड़ताल करने का ऐलान किया है। वहीं शंभू में दिल्ली कूच को लेकर अड़े किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा है कि मोर्चा के सदस्य मंगलवार को भी दिल्ली कूच नहीं करेंगे।
मंगलवार को सभी किसान करेंगे भूख हड़ताल
देर शाम को पंधेर ने डल्लेवाल से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इसी बीच पटियाला रेंज डीआइजी मनदीप सिंह सिद्धू भी डल्लेवाल का हाल-चाल जाने के लिए पहुंचे। खनौरी में किसानों को संबोधित करते हुए किसान नेता काका सिंह कोटड़ा ने कहा कि डल्लेवाल के हक में पंजाब से बाहर सभी राज्यों में किसान संगठनों द्वारा सांसदों के निवास के समक्ष सोमवार को 12 घंटे भूख हड़ताल की गई।
डीआइजी के दौरे पर उन्होंने कहा कि वे डल्लेवाल की सेहत जानने के लिए ही नहीं, बल्कि स्थिति का जायजा लेने आए थे। ऐसे में किसानों को डल्लेवाल की सुरक्षा को और कड़ा करना चाहिए।
डीजीपी व मुख्यमंत्री पंजाब को डल्लेवाल की चिंता: डीआईजी
डीआईजी मनदीप सिंह सिद्धू ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जगजीत सिंह डल्लेवाल किसानों के कदावर नेता हैं। अनशन के कारण उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है, जिसे लेकर राज्य के डीजीपी और मुख्यमंत्री बेहद चिंतित हैं। वे निजी तौर पर उनसे मुलाकात करके उनकी हालत जानने पहुंचे थे। उन्होंने डल्लेवाल को समझाया कि मांगों की प्राप्ति के लिए संघर्ष के कई तरीके हैं, अपनी जान को खतरे में डालना ठीक नहीं।
कल दिल्ली कूच नहीं करेंगे किसान
इस पर डल्लेवाल ने कहा कि वे प्रण ले चुके हैं कि मांगें पूरी होने पर ही अनशन समाप्त होगा और इसमें कोई समझौता नहीं करेंगे। सिद्धू ने कहा कि उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं से भी अपील की है कि वे जगजीत सिंह डल्लेवाल को समझाएं।
किसानों ने मंगलवार को दिल्ली कूच नहीं करेंगे किसान, पंधेर बोले-रणनीति बनाकर लेंगे अगला फैसला शंभू से पैदल दिल्ली कूच की घोषणा के बाद गत शुक्रवार और रविवार को प्रयास करने के बावजूद किसानों के जत्थे हरियाणा की सीमा में प्रवेश नहीं कर पाए।
इसी बीच सोमवार को किसानों ने दिल्ली कूच का प्रयास नहीं किया। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि हमने हरियाणा प्रशासन को एक दिन का समय दिया था। हमें विश्वास था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को हरियाणा दौरे के दौरान उनके पक्ष में कुछ घोषणा करेंगे लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि अब हम मंगलवार को भी दिल्ली कूच नहीं करेंगे। सभी किसान मंगलवार को खनौरी में इकट्ठा होंगे और वहीं पर अगली रणनीति बनाई जाएगी। पंधेर ने कहा कि आमरण अनपर पर बैठे जगजीत सिंह डल्लेवाल के लीवर मे इन्फेक्शन आया है और साढ़े नौ किलो के करीब उनका वजन भी कम हो चुका है, जोकि काफी चिंता का विषय है।








