
अमेरिका के एक नए कानून के तहत टिकटॉक के सामने मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। टिकटॉक का मालिकाना हक रखने वाली चीन की कंपनी बाइटडांस को 19 जनवरी 2025 तक इससे अलग होना होगा नहीं तो ऐप पर प्रतिबंध लग जाएगा।
भारतीय-अमेरिकी राजा कृष्णमूर्ति सहित दो अमेरिकी सांसदों ने ‘गूगल’ और ‘एप्पल’ को पत्र लिखकर अपने ऐप स्टोर से टिकटॉक को हटाने के लिए कहा है। अमेरिका में अप्रैल में एक विधेयक को कानून में बदल दिया गया था जिसके अनुसार टिकटॉक’ का मालिकाना हक रखने वाली चीन की कंपनी बाइटडांस को 19 जनवरी 2025 तक इससे अलग होना होगा। ऐसा ना होने पर अमेरिका में उसे बैन का सामना करना पड़ेगा।
पत्र में कही गई ये बात
‘चीन मामलों पर प्रतिनिधि सभा की स्थायी समिति’ (सीसीपी) के अध्यक्ष जॉन मूलनार और वरिष्ठ सदस्य कृष्णमूर्ति ने एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टिम कुक, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और टिकटॉक के सीईओ शो जी च्यू को पत्र लिखा है। सांसदों ने कुक और पिचाई से 19 जनवरी तक अपने ‘प्ले स्टोर’ से टिकटॉक को हटाने के लिए तैयार रहने को कहा है। टिकटॉक के सीईओ को लिखे अपने पत्र में उन्होंने च्यू से तुरंत एक विनिवेश का प्रस्ताव देने को कहा, जिसे वो स्वीकार कर सकें।
कोर्ट ने हस्तक्षेप से किया इनकार
अमेरिकी सांसदों का बयान ऐसे समय आया है जब एक अदालत ने कांग्रेस की ओर से पारित उस कानून में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है जिसके तहत जनवरी के मध्य तक टिकटॉक को अमेरिका में मौजूद अपने कारोबार को स्थानीय कंपनी को बेचना है या उसे प्रतिबंध का सामना करना पड़ेगा। कंपनी ने अमेरिकी सरकार के फैसले को चुनौती दी थी और फैसले के अमल को अंतिम निर्णय आने तक रोकने का अनुरोध किया था जिसे संघीय अपीलीय अदालत ने खारिज कर दिया। माना जा रहा है टिकटॉक और इसकी मूल कंपनी बाइटडांस अपीलीय अदालत के फैसले को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दे सकती है।








