
सूर्यकुमार यादव अजिंक्य रहाणे के बाद सूर्यांश शेडगे की अहम पारियों की बदौलत सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 के फाइनल में मुंबई ने मध्यप्रदेश को 5 विकेट से मात दी। इसके साथ ही मध्यप्रदेश का पहली बार ट्रॉफी जीतने का सपना चूर हो गया है। इससे पहले 2010-11 में मध्यप्रदेश टीम फाइनल में पहुंची थी लेकिन बंगाल ने उनका विजयी रथ रोक दिया था।
रजत पाटीदार ने खेली कप्तानी पारी
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मध्यप्रदेश ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। कप्तान रजत पाटीदार ने सबसे ज्यादा 81 रन की पारी खेली। जवाब में मुंबई ने 17.5 ओवर में ही 5 विकेट खोकर टारगेट को चेज कर लिया।
मध्यप्रदेश की खराब शुरुआत
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मध्यप्रदेश की शुरुआत खराब रही। अर्पित गौड़ ने 3 और हर्ष गवली ने 2 रन बनाए। उनके अलावा हरप्रीत सिंह भाटिया ने 15, सुभ्रांशु सेनापति ने 23, वेंकटेश अय्यर ने 17, राहुल बाथम ने 19 रन बनाए।
त्रिपुरेश सिंह का खाता तक नहीं खुला। शिवम शुक्ला 1 के स्कोर पर रन आउट हुए। कप्तान रजत पाटीदार 40 गेंदों पर 81 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 6 छक्के ठोके।
पृथ्वी शॉ का नहीं चला बल्ला
175 रनों के टारगेट को चेज करने उतरी मुंबई को दूसरे ही ओवर में पहला झटका लगा। पृथ्वी शॉ ने 6 गेंदों पर 10 रन बनाए। 5वें ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर कैच आउट हुए। उन्होंने 9 गेंदों पर 16 रन की पारी खेली। अजिंक्य रहाणे ने 30 गेंदों पर 37 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 4 चौके भी लगाए।
सूर्यांश शेडगे ने फिनिश किया मैच
शिवम दुबे के रूप में मुंबई को चौथा झटका लगा। दुबे ने 6 गेंदों का सामना किया और 2 चौकों की बदौलत 9 रन की पारी खेली। इसके बाद मुंबई को तेजी से जीत की ओर ले जा रहे सूर्यकुमार यादव कैच आउट हुए। स्काई ने 35 गेंदों पर 48 रन की अहम पारी खेली।
इस दौरान उनके बल्ले से 4 चौके और 3 छक्के भी निकले। अथर्व अंकोलेकर 6 गेंदों पर 16 रन और सूर्यांश शेडगे 15 गेंदों पर 36 रन बनाकर नाबाद रहे। सूर्यांश शेडगे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। साथ ही अजिंक्य रहाणे प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे।








