
भारतीय टीम ने ब्रिस्बेन टेस्ट मैच में कमाल करते हुए ऑस्ट्रेलिया का सपना तोड़ दिया है और फॉलोऑन बचा लिया है। एक समय लग नहीं रहा था कि भारत फॉलोऑन बचा पाएगा लेकिन रवींद्र जडेजा और बाद में आकाशदीप के बल्ले ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के सपने को चकनाचूर कर दिया और भारत को फॉलोऑन से बचा लिया। जडेजा और केएल राहुल ने पहली पारी में अर्धशतक जमाए।
मोहम्मद सिराज एक रन बनाकर आउट हो गए। 213 के कुल स्कोर पर जडेजा भी पैट कमिंस के जाल में फंस गए और आउट हो गए। जडेजा ने 123 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के की मदद से 77 रन बनाए। यहां लगा कि भारत फॉलोऑन नहीं बचा पाएगा, लेकिन बुमराह और आकाशदीप ने उसकी ये टेंशन खत्म कर दी। खराब रोशनी के कारण दिन का खेल कुछ देर पहले खत्म कर दिया गया।
ऑस्ट्रेलिया की परेशानी बढ़ी
ऑस्ट्रेलियाई टीम सोच रही थी कि वह भारत को फॉलोऑन बचाने से रोक लेगी और फिर उसे दोबारा बल्लेबाजी के लिए बुला जल्दी आउट कर पारी से मैच अपने नाम कर लेगी। लेकिन भारत ने ऐसा नहीं होने दिया। पहले केएल राहुल ने अपनी बल्लेबाजी से भारत को बचाए रखा और फिर जडेजा ने। इसके बाद आकाशदीप ने अंत में तेजी से रन बना उसके सपने पर पानी फेर दिया।
कल मैच का आखिरी दिन है और ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम अगर भारत का एक विकेट जल्दी ले भी लेती है तो उसे दूसरी पारी खेलने उतरना होगा।








