
मुकदमाबाजी की रंजिश में मुजफ्फरनगर के युवक मुशीर ने देवबंद के सांपला खत्री गांव में एक परिवार पर चाकू से हमला कर दिया जिससे दो महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। आरोपी जो दुष्कर्म के मामले में जमानत पर था ने शादी के प्रस्ताव को ठुकराने पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चाकू बरामद किया।
मुकदमाबाजी की रंजिश में मुजफ्फरनगर के युवक ने सांपला खत्री गांव पहुंचकर एक परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। दो महिलाओं समेत सात लोग गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। आरोपित पर पूर्व में दुष्कर्म का मुकदमा भी दर्ज है। वह हाल में जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
मुजफ्फरनगर के थाना खालापार क्षेत्र के किदवई नगर निवासी मुशीर पुत्र मुन्ना बुधवार रात 8.30 बजे सांपला गांव में कलीम के घर पहुंचा और परिवार के लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों भाई कलीम अहमद व नईम अहमद के अलावा नाजिम, फरजाना पत्नी नईम और नईम का 14 वर्षीय पुत्र आयान, 16 वर्षीय पुत्री सानिया और 19 वर्षीय पुत्री फरहाना घायल हो गए।

पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपित बाइक से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी सुनील नागर फोर्स के साथ गांव पहुंचे और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित परिवार थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपित मुशीर को गिरफ्तार कर लिया।
युवती से शादी करना चाहता था मुशीर, परिवार नहीं था राजी
ग्रामीणों के मुताबिक आरोपित मुशीर सांपला खत्री गांव में एक परिवार की युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन स्वजन राजी नहीं थे। वहीं, परिवार की तरफ से पूर्व में दर्ज कराए गए मुकदमे से भी मुशीर नाराज था। कुछ महीने पहले वह जमानत पर आया था और फिलहाल औरंगाबाद में हेयर सैलून चला रहा था।
एक युवक भी था साथ
मुशीर अपने एक साथी के साथ बाइक से सांपला खत्री पहुंचा था। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपित दूर खड़ी एक बाइक पर बैठकर फरार हो गया। बाइक को कोई अन्य युवक चला रहा था। कोतवाली प्रभारी सुनील नागर का कहना है कि दूसरे आरोपित की जानकारी की जा रही है।
इन्होंने कहा….
दोनों परिवार आपस में रिश्तेदार हैं और उनके बीच मुकदमेबाजी की रंजिश है। पूर्व में दुष्कर्म के मुकदमे में आरोपित जेल गया था। इसी मुकदमे की रंजिश में उसने वारदात की। हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। -सागर जैन, एसपी देहात सहारनपुर।








