राम पथ पर नहीं होगी शराब और मांस की बिक्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अयोध्या के राम पथ पर नहीं होगी शराब और मांस की बिक्री
अयोध्या के राम पथ पर अब मांस और शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया है। अयोध्या नगर निगम ने यह प्रस्ताव पारित किया है। मेयर गिरीश पति त्रिपाठी ने इस बारे में जानकारी दी है।

रामनगरी अयोध्या में मीट और शराब की बिक्री को लेकर नगर निगम ने एक प्रस्ताव पारित किया है। इसके मुताबिक अब अयोध्या और फैजाबाद शहर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग राम पथ पर शराब और मांस की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी जाएगी। मांस और शराब की बिक्री से जुड़ा प्रस्ताव राम पथ के 14 किलोमीटर के हिस्से को लेकर लाया गया है। इस 14 किलोमीटर के राम पथ पर अब शराब और मांस की बिक्री पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा पान, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट और इनरवियर के विज्ञापन भी राम पथ पर नहीं प्रदर्शित किए जाएंगे।

राम पथ पर नहीं बिकेगी मांस और शराब

दरअसल, अयोध्या में स्थित रामलला का मंदिर राम पथ पर ही स्थित है। ऐसे में अयोध्या नगर निगम ने मांस और शराब की बिक्री पर रोक लगाने का प्रस्ताव पारित किया है। बता दें कि अयोध्या में मांस और शराब की बिक्री पर पहले से ही प्रतिबंध लागू है, लेकिन इस नए प्रस्ताव के पारित होने के बाद फैजाबाद शहर के कई इलाकों को इसमें शामिल करते हुए राम पथ पर भी मांस और शराब की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। अयोध्या नगर निगम के मेयर गिरीश पति त्रिपाठी ने इस प्रस्ताव के पारित होने की जानकारी दी है।

जल्द जारी होगी डेडलाइन

मेयर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा, “अयोध्या नगर निगम की कार्यकारी समिति, जिसमें मेयर, डिप्टी मेयर और 12 पार्षद शामिल हैं, ने शहर की सच्ची धार्मिक भावना को बनाए रखने के लिए इस प्रतिबंध को लागू करने का प्रस्ताव पारित किया।” बता दें कि अयोध्या नगर निगम की कार्यकारी समिति में केवल एक मुस्लिम पार्षद सुल्तान अंसारी शामिल हैं, जो भाजपा से हैं। अयोध्या में सरयू तट से शुरू होने वाला राम पथ का पांच किलोमीटर लंबा हिस्सा फैजाबाद शहर में आता है और वर्तमान में इस हिस्से में मांस और शराब बेचने वाली कई दुकानें हैं। इस प्रतिबंध के कार्यान्वयन का विवरण और समयसीमा जल्द ही नगर निगम द्वारा घोषित किए जाने की उम्मीद है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें