
रोहित शर्मा ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया। टेस्ट से संन्यास लेने के बाद रोहित शर्मा ने भारतीय सेना को लेकर बड़ा बयान दिया है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के 15 दिन बाद भारत ने पाकिस्तान और POK में बदले की कार्रवाई की। भारत ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया और पहलगाम आतंकवादी हमले का बदला लिया। भारतीय सेना ने इसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया। इस ऑपरेशन के बाद पाकिस्तान ने गुरुवार को जम्मू, पठानकोट और कुछ अन्य स्थानों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला करने की कोशिश की, जिसे भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने पूरी तरह से नाकाम कर दिया।
भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है। रोहित शर्मा ने भारतीय सेना की को लेकर बड़ी बात कही है। रोहित शर्मा ने कहा कि हर बीतते पल के साथ लिए गए हर फैसले के साथ मुझे हमारी भारतीय सेना, भारतीय वायुसेना और भारतीय नौसेना पर बेहद गर्व महसूस हो रहा है। हमारे सैनिक हमारे देश के गौरव के लिए डटे हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि हर भारतीय के लिए जिम्मेदार होना और किसी भी फर्जी खबर को फैलाने या उस पर विश्वास करने से बचना जरूरी है। सभी सुरक्षित रहें! #OperationSindoor #JaiHind.
टेस्ट से किया संन्यास का ऐलान
गौरतलब है कि रोहित शर्मा ने 7 मई को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया था। रोहित के संन्यास का ऐलान ऐसे वक्त पर आया जब टीम इंडिया को अगले महीने टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड का दौरा करना है। पिछले साल T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर T20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने वाले रोहित ने इस साल अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जिताया था। टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद अब हिटमैन सिर्फ वनडे क्रिकेट में नजर आएंगे।
2027 वर्ल्ड कप जीतना होगा लक्ष्य
बता दें, रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान 2 ICC ट्रॉफी (T20 वर्ल्ड कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025) अपने नाम की हैं, लेकिन अब तक वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत पाए हैं। उनका लक्ष्य साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीतने का होगा।








