राजस्थान हाई अलर्ट पर छुट्टियां रद्द स्कूल भी बंद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

4 जिलों में कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, स्कूल बंद
पहलगाम आतंकी हमले के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए भारत द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई के राजस्थान ‘हाई अलर्ट’ पर हैं क्योंकि ये राज्य पड़ोसी देश के साथ सीमाओं को साझा करता है। पाकिस्तान के साथ राजस्थान लगभग 1,070 किलोमीटर की सीमा साझा करता है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाक सीमा पर एक बार फिर से हाई अलर्ट का माहौल है। जैसलमेर, बाड़मेर और बीकानेर जैसे सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा एजेंसियां हर पल चौकस हैं। खासकर जैसलमेर में जहां से ऑपरेशन सिंदूर की रणनीति को अंजाम दिया गया था, अब वहां की फिजाओं में सिर्फ और सिर्फ चौकसी की आहट सुनाई दे रही है। जोधपुर रेंज के आईजी विकास कुमार लगातार सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे न केवल पुलिस बल की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं, बल्कि गांव-गांव जाकर खुद हालात का जायजा ले रहे हैं। उनका मकसद सिर्फ एक है- सुरक्षा में कोई चूक न हो और जनता सतर्क रहे।

‘घबराएं नहीं, बस जागरूक रहें’

आईजी विकास कुमार ने हाल ही में जैसलमेर जिले के कई सीमावर्ती गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें समझाया कि वर्तमान हालातों में सजग रहना कितना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें। आईजी ने कहा, “देश की सुरक्षा में अब हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।”

4 जिलों में कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, स्कूल बंद

भारत की जवाबी कार्रवाई के बाद उपजे हालात के मद्देनजर राजस्थान सरकार ने सीमावर्ती इलाकों में प्रशासनिक और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी हैं। राज्य के चार सीमावर्ती जिलों में सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। एहतियात के तौर पर श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में स्कूल बंद हैं। ये जिले भारत-पाक सीमा पर स्थित हैं। सीएम भजनलाल शर्मा ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद की स्थिति को लेकर बुधवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की और छुट्टियां रद्द करने के निर्देश दिए।

जयपुर के SMS स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी

इस बीच, जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी मिली जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। यह धमकी राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद को एक ईमेल के जरिए भेजी गई। परिषद के अध्यक्ष नीरज पवन ने बताया कि आज सुबह एक ईमेल आया जिसमें स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का जिक्र करते हुए लिखा गया है कि ‘‘अब हम एसएमएस स्टेडियम को बम से उड़ा देंगे।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दे दी गई। पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता समेत कई अन्य जांच टीम एसएमएस स्टेडियम पहुंच गई हैं। उन्होंने बताया कि स्टेडियम को खाली करा लिया गया है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें