प्रयागराज में पहली बार होगी राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

22 से 24 जून तक शहर के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में होगा आयोजन
प्रयागराज में 22 से 24 जून तक अंडर-20 राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन होगा। मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में होने वाले इस आयोजन में देशभर से 1400 एथलीट भाग लेंगे। विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित होंगी और स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह आयोजन प्रयागराज की खेल संस्कृति को बढ़ावा देगा।

संगम नगरी पहली बार 22 से 24 जून तक अंडर-20 राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी करेगी। भारतीय एथलेटिक्स फेडरेशन (एएफआई) ने मदन मोहन मालवीय स्टेडियम को इस प्रतिष्ठित आयोजन के लिए चुना है, जहां देशभर से लगभग 1400 युवा एथलीट हिस्सा लेंगे।

स्टेडियम में तैयार सिंथेटिक ट्रैक और उन्नत सुविधाओं के बाद यह उपलब्धि शहर के हाथ लगी है। इस चैंपियनशिप में स्प्रिंट (100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर), बाधा दौड़ (हर्डल रेस) (110 मीटर, 400 मीटर), रिले (4×100 मीटर, 4×400 मीटर), मध्य दूरी और लंबी दूरी स्टीपलचेज (800 मी, 1500 मी, 5000 मी, 10000 मी, 3000 मी), वाक रेस, जंप (हाई जंप, लांग जंप, ट्रिपल जंप, पोल वाल्ट), थ्रो (भाला, डिस्कस, हैमर, शाट पुट), इसके अलावा कम्बाइंड इवेंट्स (हेप्टाथलान, डेकाथलान) आदि की प्रतियोगिता होगी।

 

एएफआई के मानकों के अनुसार, चैंपियनशिप के लिए स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर का सिंथेटिक ट्रैक, सटीक माप के लिए डिजिटल उपकरण, और खिलाड़ियों के लिए विश्राम कक्ष, चिकित्सा सुविधाएं, और डोपिंग टेस्ट सेंटर अनिवार्य हैं।

आरएसओ प्रेम कुमार बताते हैं कि आयोजन से पहले स्टेडियम का तकनीकी निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था, और आवास-परिवहन की व्यवस्था पूरी की जाएगी। ट्रैक की गुणवत्ता, उपकरणों की उपलब्धता, और समय मापन प्रणाली की जांच टेक्निकल डेलीगेट्स करेंगे। 

इसके अलावा, स्वयंसेवकों और अधिकारियों का प्रशिक्षण भी शुरू हो चुका है। एथलेटिक्स कोच देवी प्रसाद बताते हैं कि यह आयोजन शहर की राष्ट्रीय स्तर पर खेल छवि को मजबूत करेगा। प्रयागराज की चर्चा राष्ट्रीय मंच पर होगी, जिससे भविष्य में और बड़े आयोजन आकर्षित होंगे। 

एथलेटिक्स कोच सत्येंद्र कुमार बताते हैँ कि स्थानीय एथलीटों को घरेलू मैदान पर प्रतिस्पर्धा का मौका मिलेगा, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। सिंथेटिक ट्रैक पर अभ्यास और राष्ट्रीय स्तर के कोचों से मार्गदर्शन उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगा। यह आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करेगा। 

एएफआई के टेक्निकल डेलीगेट्स रहेंगे मौजूद 

इस चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए एएफआई के टेक्निकल डेलीगेट्स को भी यहां तैनाती दी गई है। ताकि आयोजन की निष्पक्षता और मानकों की पालना सुनिश्चित किया जा सके। वे ट्रैक माप, उपकरणों की जांच, समय और रिकार्ड की सटीकता, और नियमों का पालन देखेंगे। डोपिंग टेस्ट और विवादों के निपटारे में भी उनकी भूमिका अहम होगी। 

यह चैंपियनशिप प्रयागराज में खेल संस्कृति को बढ़ावा देगी। स्थानीय स्तर पर एथलेटिक्स अकादमियों और प्रशिक्षण केंद्रों को प्रोत्साहन मिलेगा। युवा खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धी भावना जागेगी, और शहर राष्ट्रीय खेल नक्शे पर एक नया केंद्र बनकर उभरेगा। यह आयोजन न केवल खेल, बल्कि सामाजिक-आर्थिक विकास में भी योगदान देगा।   मो. रुस्तम खान, सचिव, जिला एथलेटिक संघ

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें