
पंजाब पुलिस ने अमृतसर में आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। एके-47 के साथ तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि पंजाब पुलिस ने तीन फरवरी को यहां एक बंद पुलिस चौकी के पास हमला करने में कथित रूप से शामिल तीन लोगों की गिरफ्तारी के साथ एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।
मॉड्यूल को आतंकी हैप्पी पासिया चला रहा था
तीनों की पहचान लवप्रीत सिंह, बूटा सिंह और करणदीप सिंह के रूप में हुई है, ये सभी अमृतसर ग्रामीण के निवासी हैं और इनका दुबई स्थित एक व्यक्ति से संबंध था, जिसने उन्हें पैसे और हथियार मुहैया कराने में मदद की थी।
हैप्पी पसियां पंजाब में अगली वारदात को अंजाम देने के लिए टारगेट सेट कर रहा था। सीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आंतकियों की पहचान जगदेव कलां गांव निवासी लवप्रीत सिंह, करणदीप सिंह और अजनाला निवासी बूटा सिंह के रूप में हुई है।
आतंकी के निशाने पर ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगार युवा
बता दें कि आतंकी हैप्पी पसियां के निशाने पर ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगार युवा हैं, जिन्हें वह चंद पैसों का लालच देकर वारदात को अंजाम दे रहा है। हथियारों की खेप बरामद करने के लिए तीनों आतंकियों को पुलिस रविवार रात राजासांसी इलाके में ले जा रही थी।
इस बीच लवप्रीत और बूटा सिंह ने एएसआई गुरजीत सिंह की सर्विस रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की। इसके विरोध में इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह और इंस्पेक्टर भिंदरजीत ने दोनों के पैरों में गोली मारकर जख्मी कर दिया। दोनों अस्पताल में दाखिल हैं। आरोपितों से एके-47, दो पिस्तौल, नौ कारतूस, बाइक बरामद की है।








