
बॉलीवुड सिंगर हनी सिंह 7 मार्च को मध्य प्रदेश के उज्जैन में बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे। इस दौरान हनी सिंह पूरी तरह से भक्ति में लीन दिखे। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर मंत्रोच्चार और आरती की। हालांकि कुछ लोगों को हनी सिंह को मिलने वाला वीआईपी ट्रीटमेंट पसंद नहीं आया और वो उन्हें ट्रोल करने लगे।
यो यो हनी सिंह इन दिनों भारत के अलग-अलग शहरों में कई कॉन्सर्ट कर रहे हैं। मिलियनेयर इंडिया टूर की शुरुआत मुंबई से हुई और बाद में लखनऊ और दिल्ली में दो और शो हुए। अब आज यानी 8 मार्च को हनी सिंह इंदौर में कॉन्सर्ट करने जा रहे हैं, लेकिन उससे पहले वे बाबा का आशीर्वाद लेने के लिए उज्जैन के महाकाल मंदिर गए।
हनी सिंह क्यों मिला VIP ट्रीटमेंट
इसका एक वीडियो ANI ने एक्स पर शेयर किया है। वीडियो में हनी सिंह मंदिर में प्रवेश करते हैं और बाबा का आशीर्वाद लेते हैं। इसके बाद वो वहां शांति से बैठकर पूजा करते हैं। एक तरफ जहां कई लोग खुश हैं कि वे मंदिर गए, वहीं कुछ लोग इस बात से नाराज हैं कि सिंगर को VIP ट्रीटमेंट मिला।
एक यूजर ने लिखा,”यह बहुत बढ़िया है। लेकिन आम नागरिकों को इस तरह से पूजा करने का मौका नहीं मिलता है। उन्हें दर्शन के लिए मुश्किल से एक सेकंड मिलता है। जबकि वीआईपी को ट्रीटमेंट दिया जाता है। यह उचित नहीं है।”
यूजर्स ने जताई नाराजगी
एक अन्य यूजर ने लिखा, “सेलिब्रिटीज को हमेशा वीडियो रिकॉर्ड करने और तस्वीरें लेने के लिए स्पेशल ट्रीटमेंट मिलता है,जबकि हम आम लोगों के साथ बहुत अच्छा व्यवहार नहीं किया जाता। हमें धक्का-मुक्की के बाद दर्शन मिलते हैं और वह भी कुछ सेकंड के लिए। हमें तस्वीरें और वीडियो लेने की अनुमति नहीं है। हमारे लिए इतने सारे प्रोटोकॉल क्यों?”
ईशा गुप्ता के साथ आया था नया गाना
एक एक्स यूजर ने सिंह के पहनावे पर ध्यान दिलाते हुए लिखा,”उन्हें वेस्टर्न ड्रेस पहनने की अनुमति क्यों है? महाकाल मंदिर में पुरुषों के लिए धोती पहनने का एक नियम है।” कुछ दिनों पहले ही हनी सिंह का नया गाना ‘मैनियाक’ रिलीज हुआ है। इसमें उनके साथ अभिनेत्री ईशा गुप्ता नजर आई थीं। गाने को ऑडियंस से भी काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
Author: Red Max Media
Post Views: 59








