
वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में रविवार को एक ज्वैलर्स की दुकान पर तीन बदमाशों ने लूट की नीयत से हमला किया। विरोध करने पर दुकानदार पिता-पुत्र को गोली मार दी और फरार हो गए। पुलिस ने मौके से तीन खोखा पाइंट 32 बरामद किए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाइक सवारों ने दुकान में लूट की कोशिश की
जानकारी के अनुसार, फुलपुर थाना क्षेत्र के मंगारी (परसादपुर) गांव निवासी सियाराम वर्मा अहरक के पश्चिमपुर में किराये की दुकान लेकर अमित ज्वैलर्स के नाम से आभूषण की दुकान चलाते हैं। रविवार को दोपहर बाद उनका पुत्र विकास दुकान पर बैठा था और पिता सियाराम घर जाने की तैयारी कर रहे थे।

बदमाशों ने पिता-पुत्र को मारी गोली
अलमारी तोड़ने में बदमाश कामयाब नहीं हुए और विरोध करने पर पिता-पुत्र को कंधे में गोली मार दी। इसके बाद दुकान से बाहर निकले और फायर करते हुए जिस रास्ते से आए, उसी रास्ते वापस भाग निकले। घायलों को सातो महुआ स्थित न्यू लक्ष्मी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

दुकानदार के अनुसार, बदमाश पच्चीस हजार रुपए नगदी सहित सौ ग्राम चांदी के टुकड़े लुट ले गए। वहीं, मौके पर अपर पुलिस आयुक्त अपराध एस चिनप्पा एडीसीपी आकाश कुमार पटेल, एसीपी पिण्डरा प्रतीक कुमार थानाध्यक्ष बड़ागांव अतुल सिंह एवं एसओजी की टीम मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाबत डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि घायल पिता, पुत्र की हालत खतरे से बाहर है। अपराधियों की धर-पकड़ के लिए जिले सहित आसपास में सघन चेकिंग चलाया जा रहा है। अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है।








