

उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छा मौका है। आरक्षी नागरिक पुलिस के 60244 पदों पर भर्ती के बाद अब 26596 और पदों पर भर्ती होगी। इनमें 4534 उपनिरीक्षक 19220 आरक्षी और 2833 बंदी रक्षक के पद शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया अप्रैल के अंतिम सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। उम्मीदवारों को यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर अपडेट देखते रहना चाहिए।
उप्र पुलिस में भर्ती होने का सपना देख रहे युवाओं को जल्द बड़ा अवसर मिलेगा। आरक्षी नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर भर्ती के बाद दारोगा, सिपाही व बंदी रक्षक के कुल 26,596 पदों पर और भर्तियां होंगी। डीजीपी मुख्यालय ने अलग-अलग पदों पर भर्ती का अधियाचन पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड को भेजा है।
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष/डीजी राजीव कृष्ण का कहना है कि अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में भर्तियों से जुड़ी विज्ञप्ति प्रकाशित किए जाने की तैयारी है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के आनलाइन आवेदन की तिथि घोषित की जाएगी। भर्ती की प्रक्रिया से जुड़ी सूचनाओं के लिए अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट का अवलोकन करते रहे।
इन पदों पर होगी भर्ती
भर्ती बोर्ड के अनुसार उपनिरीक्षक के कुल 4,534 पदों पर भर्ती का अधियाचन प्राप्त हुआ है। इनमें उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के 4,242 पद, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस (महिला) (पीएसी) बदायूं/गोरखपुर/लखनऊ के 106 पद, प्लाटून कमांडर/उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस के 135 पद व उपनिरीक्ष/कप्लाटून कमांडर विशेष सुरक्षा बल के 60 पद शामिल हैं।
आरक्षी के कुल 19,220 पदों पर भर्ती का अधियाचन भेजा गया है। इनमें आरक्षी पीएसी के 9,837 पद, आरक्षी उप्र विशेष सुरक्षा बल के 1,341 पद, आरक्षी पीएसी महिला बदायूं/गोरखपुर/लखनऊ (महिला बटालियन) के 2,282 पद, आरक्षी नागरिक पुलिस के 3,245 पद, आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस के 2,444 पद व आरक्षी घुड़सवार पुलिस के 71 पद शामिल हैं।
इनके अलावा कारागार विभाग में 2,833 पदों पर बंदी रक्षकों की भर्ती भी होगी। कारागार मुख्यालय से प्राप्त अधियाचन के अाधार पर बंदी रक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में शुरू होगी।
