नागपुर हिंसा मामले में तीसरी बड़ी गिरफ्तारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नागपुर हिंसा मामले में तीसरी बड़ी गिरफ्तारी
महाराष्ट्र के नागपुर में हिंसा के मामले में पुलिस ने तीसरी बड़ी गिरफ्तारी की है। पुलिस ने हिंसा के करीब 10 दिन बाद भीड़ को उकसाने के आरोपी फैजान खतीब को गिरफ्तार किया है।

महाराष्ट्र के नागपुर में बीते दिनों हुई हिंसा के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। हिंसा के मामले में पुलिस ने अब तक 100 से भी ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस ने नागपुर हिंसा के इस मामले में तीसरी बड़ी गिरफ्तारी की है। नागपुर हिंसा के करीब दस दिन बाद पुलिस ने फैजान खतीब को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फैजान खतीब वो व्यक्ति है जिसने भीड़ को उकसाया था।

नागपुर में अपने पैतृक गांव आया था फैजान 

आपको बता दें कि नागपुर हिंसा मामले में पुलिस की जांच जारी है और पुलिस लगातार आरोपियों को हिरासत में ले रही है। पुलिस ने नागपुर हिंसा के मामले में फैजान खतीब के साथ एक अन्य आरोपी शाहबाज काजी को भी गिरफ्तार किया है। फैजान खतीब अकोला में रहता हैं, लेकिन वह ईद के लिए एक महीने पहले नागपुर में अपने पैतृक गांव आया था।

पहले किनकी गिरफ्तारी हुई?

बीते 17 मार्च को नागपुर में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने कथित मास्टरमाइंड फहीम खान और माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हामिद इंजीनियर को गिरफ्तार किया था। इन दोनों के बाद अब फैजान खतीब को पकड़ा जाना इस पूरे मामले में तीसरी बड़ी गिरफ्तारी मानी जा रही है।

क्यों हुई थी नागपुर में हिंसा?

महाराष्ट्र के नागपुर शहर में बीते 17 मार्च की रात कई इलाकों में पथराव और आगजनी की घटनाएं देखने को मिली थीं। दरअसल, छत्रपति संभाजीनगर जिले में स्थित मुगल बादशाह औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग की जा रही थी। इसे लेकर नागपुर में VHP के प्रदर्शन में औरंगजेब का पुतला दहन किया गया। हालांकि, इस दौरान पवित्र पुस्तक की पंक्तियां लिखी चादर जलाए जाने की अफवाह फैल गई। इसके बाद हिंसक भीड़ ने शहर में जमकर उत्पात मचाया। हिंसा में कई लोग और 33 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इस हिंसा के आरोप में अब तक 100 से ज्यादा आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें