

कांग्रेस ने पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव के लिए भारत भूषण आशु को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है।
कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा की लुधियाना पश्चिम सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए भारत भूषण आशु को पार्टी उम्मीदवार घोषित किया है। चुनाव आयोग की ओर से लुधियाना पश्चिम सीट पर होने वाले उपचुनाव का कार्यक्रम की घोषणा अब तक नहीं की गई है। माना जा रहा है कि उपचुनाव की तारीख जल्द ही सामने आ सकती है।
कांग्रेस ने जारी किया पत्र
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी किए गए पत्र में कहा गया है- “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पंजाब विधानसभा के लुधियाना पश्चिम सीट पर आगामी उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार के रूप में भारत भूषण आशु की उम्मीदवारी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।” आपको बता दें कि भारत भूषण आशु पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। वह लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक भी रह चुके हैं।
AAP ने संजीव अरोड़ा को दिया है टिकट
लुधियाना पश्चिम सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा पहले ही कर दी है। AAP ने राज्यसभा के सांसद संजीव अरोड़ा को इस सीट से मैदान में उतारा है। संजीव अरोड़ा उद्योगपति हैं और साल 2022 से राज्यसभा सदस्य हैं। वहीं, भाजपा ने पूर्व सांसद एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता अविनाश राय खन्ना को लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला को सह-प्रभारी नियुक्त किया है।
क्यों हो रहा है उपचुनाव?
दरअसल, बीते जनवरी महीने में लुधियाना पश्चिम सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी का निधन हो गया था। गोगी की उनके घर पर लाइसेंसी बंदूक से गलती से गोली चलने के कारण मृत्यु हो गई थी। इसके बाद लुधियाना पश्चिम सीट खाली हो गई थी।
