
सीबीआई ने दिल्ली में एमसीडी के तीन कर्मचारियों को 60 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में दो सहायक जन स्वास्थ्य निरीक्षक और एक निजी व्यक्ति शामिल हैं जो अधिकारियों के लिए रिश्वत वसूलता था। सीबीआई ने यह कार्रवाई एक पीड़ित की शिकायत पर की जिनसे ट्रेड लाइसेंस जारी करने के लिए रिश्वत मांगी गई थी।
सीबीआई ने एक व्यक्ति से 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एमसीडी नरेला जोन के दो सहायक जन स्वास्थ्य निरीक्षक और एक निजी व्यक्ति शामिल हैं। निजी व्यक्ति उक्त दोनों अधिकारियों के निर्देश पर उनके लिए रिश्वत वसूलता था।
भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
सीबीआई प्रवक्ता के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के नाम सुनील कुमार (सहायक जन स्वास्थ्य निरीक्षक), प्रवीण (सहायक जन स्वास्थ्य निरीक्षक) और शुभम राणा (निजी व्यक्ति) हैं। एक पीड़ित की शिकायत पर सीबीआई ने 6 मई को एमसीडी के नरेला जोन के दो एएसआई (सहायक सफाई निरीक्षक) और एक लोक सेवक के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि तीनों आरोपियों ने ट्रेड लाइसेंस जारी करने के लिए उससे 90 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोपियों के लगातार दबाव बनाने पर उसने 3 मई को 30 हजार रुपये एडवांस दे दिए थे। तीनों उस पर बाकी 60 हजार रुपये देने का दबाव बना रहे थे।
इनकी हरकतों से तंग आकर पीड़ित ने सीबीआई से शिकायत की थी। आरोपी निजी व्यक्ति ने खुद को सहायक सफाई निरीक्षक भी बताया था। 7 मई को सीबीआई ने तीन आरोपियों को 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
Author: Red Max Media
Post Views: 73








