
प्रयागराज में पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने नया पुरवा और गौसनगर करेली में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाया। एक लॉज सहित 29 स्थानों पर मीटर बाईपास करके बिजली चोरी पकड़ी गई। अधिकारियों ने चोरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई और शमन शुल्क का निर्धारण किया। कई घरों में बाईपास पाए गए और बड़े बकायेदारों की लाइनें काटी गईं।
उप्र पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों ने नया पुरवा व गौसनगर करेली में शनिवार को विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक लाज समेत 29 जगहों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी जगह पर मीटर के पास से केबल काटकर बाईपास किया गया था।
इनके खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए शमन शुल्क का निर्धारण किया जा रहा है। करेली उपखंड क्षेत्र के गौसनगर मुहल्ले में एसडीओ राजवीर सिंह कटारिया के नेतृत्व में जेई इमरान आदि पहुंचे। साथ में प्रवर्तन दल की टीम भी थी। यहां 21 घरों में बाईपास पकड़ा गया। लाइन कटवाते हुए केबल को जब्त कर लिया गया।
वीडियोग्राफी भी की गई। अधीक्षण अभियंता प्रथम भरत सिंह को जानकारी देते हुए सभी के खिलाफ बिजली चोरी के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया। उधर, अधीक्षण अभियंता द्वितीय मनोज गुप्ता के नेतृत्व में बेली उपखंड अधिकारी पवन कुमार सिंह ने नया पुरवा मुहल्ले में प्रवर्तन दल के साथ अभियान चलाया।
यहां एक लाज में बाईपास पकड़ा गया। अधिकारियों ने जांच की तो पता चला कि यहां पांच किलोवाट की बिजली चोरी की जा रही थी। इसके अलावा सात और घरों में बाईपास के मामले पकड़े गए। आठ ऐसे लोगों की लाइन काटी गई, जो बड़े बकायेदार थे। तीन उपभोक्ताओं का घरेलू कनेक्शन कामर्शियल में परिवर्तित किया गया। यह तीनों अपने घर का कामर्शियल में उपयोग कर रहे थे।
Author: Red Max Media
Post Views: 103








