गुलवीर सिंह ने भारत को दिलाया पहला गोल्ड मेडल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुलवीर सिंह
भारतीय एथलीट गुलवीर सिंह ने एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में 27 मई को भारत के गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को प्रतियोगिता का पहला गोल्ड मेडल दिलाया। राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी 26 साल के गुलवीर ने 28 मिनट 38.63 सेकंड में रेस पूरी कर यह कामयाबी हासिल की। उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड इससे पहले 27:00.22 सेकंड है, जो उन्होंने इसी साल बनाया था।

यह गुलवीर का एशियाई चैंपियनशिप में पहला गोल्ड मेडल है। उनके पीछे जापान के मेबुकी सुजुकी ने 28:43.84 के समय के साथ रजत और बहरीन के अल्बर्ट किबिची रोप ने 28:46.82 सेकंड में दौड़ पूरी कर ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारत के सावन बरवाल भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 28:50.53 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे। गुलवीर अब एशियन चैंपियनशिप में 10,000 मीटर गोल्ड जीतने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। इससे पहले हरि चंद (1975) और जी लक्ष्मणन (2017) ने यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके अलावा, गुलवीर 5000 मीटर दौड़ में भी राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम रखते हैं और इस प्रतियोगिता में वह इस स्पर्धा में भी उतरने वाले हैं।

सेबेस्टियन को मिला ब्रॉन्ज

दिन की शुरुआत भारत के सर्विन सेबेस्टियन ने पुरुषों की 20 किमी पैदल चाल में ब्रॉन्ज मेडल के साथ की। उन्होंने 1 घंटा 21 मिनट 13.60 सेकंड में रेस पूरी कर भारत का खाता खोला। यह समय उनके निजी सर्वश्रेष्ठ (1:21:23) के बेहद करीब था, जो उन्होंने फरवरी में उत्तराखंड नेशनल गेम्स में बनाया था। इस स्पर्धा में चीन के वांग झाओझाओ ने 1:20:36.90 के समय से गोल्ड और जापान के केंटो योशिकावा ने 1:20:44.90 के साथ सिल्वर मेडल जीता।

अनिल कुशारे फाइनल में पहुंचे

पुरुषों की ऊंची कूद में सर्वेश अनिल कुशारे ने 2.10 मीटर की छलांग लगाकर क्वालीफिकेशन ग्रुप बी में चौथा स्थान पाया और फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। महिलाओं की भाला फेंक स्पर्धा में भारत की अनु रानी से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन वह 58.30 मीटर की सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहीं। अनु रानी एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल और राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम रखती हैं। भारत इस प्रतियोगिता में कुल 59 खिलाड़ियों का दल लेकर उतरा है। पिछली बार भारतीय दल ने 27 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था और इस बार भी दमदार शुरुआत के साथ अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें