
बक्सर के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरक गांव में एक सेवानिवृत्त फौजी ने घरेलू विवाद में अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी मानसिक तनाव से जूझ रहा था घटना के बाद फरार हो गया।पुलिस ने उसे जिला मुख्यालय से गिरफ्तार कर लिया। पंचायत ने पहले भी इस दंपति के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश की थी लेकिन असफल रही।
जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरक गांव में गुरुवार सुबह हुई सनसनीखेज घटना में नया अपडेट सामने आया है। दक्षिण टोला में रिटायर्ड फौजी कपिलमुनि सिंह ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी उर्मिला देवी (55) की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। हत्या के बाद फरार हुए आरोपित को पुलिस ने जिला मुख्यालय से गिरफ्तार कर लिया है।
लंबे समय से पति-पत्नी के बीच हो रहे थे झगड़े
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपित लंबे समय से मानसिक तनाव में था और पत्नी से अक्सर झगड़ा करता था। लंबे समय से चल रही घरेलू कलह को सुलझाने के लिए पंचायत ने कई बार मध्यस्थता की कोशिश की, लेकिन कोई हल नहीं निकला।
गुरुवार को विवाद बढ़ने पर आरोपित ने खौफनाक कदम उठाते हुए पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद वो घटनास्थल से फरार हो गया।
पुलिस ने छापामारी कर आरोपित को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नीतीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। ताजा जानकारी के अनुसार, पुलिस ने जिला मुख्यालय में छापामारी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
मुखिया ने पीड़ित परिवार को दी सांत्वना
पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि तूफानी सिंह ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने इस क्रूर घटना की निंदा करते हुए कहा कि उर्मिला लंबे समय से घरेलू हिंसा सह रही थी और पंचायत ने कई बार विवाद सुलझाने की कोशिश की थी।
Author: Red Max Media
Post Views: 80








