दिल्ली में बारिश ने बनाया 125 साल का नया रिकॉर्ड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

15 साल में दूसरा सबसे ठंडा मई |
इस बार मई के महीने में दिल्ली में असामान्य मौसम देखने को मिला। 15 सालों में यह दूसरा सबसे कम गर्म मई रहा और एक भी दिन लू नहीं चली। महीने में रिकॉर्ड 188.9 मिमी बारिश हुई जो सामान्य से 202% ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार अभी आगे भी भीषण गर्मी पड़ने की संभावना नहीं है। शुक्रवार को उमस भरी गर्मी बनी रही।
भीषण गर्मी का पर्याय माने जाने वाले मई माह में इस बार मौसम के अलग ही रंग देखने को मिले। आलम यह रहा कि 15 साल के दौरान यह मई दूसरा सबसे कम गर्म दर्ज किया गया है। हैरानी की बात यह कि जून का पहला सप्ताह भी इसी तर्ज पर रहने वाला है। 

इस साल मई में एक भी दिन लू नहीं चली। महीने के 21 दिन अधिकतम तापमान व 17 दिन न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज हुआ। माह का औसत अधिकतम तापमान सामान्य 39.5 डिग्री से दो डिग्री कम 37.5 डिग्री दर्ज हुआ। इससे पहले 2021 में भी यह इतना ही रहा था। माह का औसत न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 

माह की वर्षा ने आल टाइम रिकार्ड बना दिया। 1901 से लेकर 2025 तक इस बार का मई सर्वाधिक वर्षा वाला बन गया है। इस मई में 188.9 मिमी वर्षा हुई है जो मई 2008 में हुई 165 मिमी वर्षा से भी अधिक है। माह में चार माह तेज आंधी और वर्षा देखने को मिली।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में 2, 17, 21 और 25 मई को यानी चार दिन वर्षा दर्ज की गईं। अन्य केंद्रों पर पालम और रिज में सात-सात दिन वर्षा दर्ज की गई, आयानगर में तीन और लोधी रोड में चार दिन वर्षा हुई। मई में सामान्य मासिक वर्षा 62.6 मिमी है, जबकि इस वर्ष कुल वर्षा सामान्य से 202 प्रतिशत अधिक हुई है। इसके विपरीत मई 2024 में केवल 0.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जो मासिक औसत से 99 प्रतिशत कम थी।

 

2011 से लेकर 2025 तक मई माह में कितने दिन चली लू, कितना रहा औसत अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

र्ष  लू वाले दिन    औसत अधिकतम  औसत न्यूनतम

 

2011       0             40.1                   26.8

 

2012        1          40.5                       26.4

 

2013         4         41.5                        26.1

 

2015         0         38.6                       24.4

 

2016         2        40.9                        25.8

 

2017          1      40.1                         26.8

 

2018           1     40.0                          26.1

 

2019          1       40.4                         25.6

 

2020          3       39.6                        24.2

 

2021          0      39.5                        24.4

 

2022          0      37.5                         23.3

 

2023          0        40.0                      26.0

 

2024           6       41.7                     26.5

 

2025           0     37.5                       25.3

 

असामान्य मौसमी गतिविधियाें इस बार मई में तापमान बढ़ने ही नहीं दिया। एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ आते रहे। कमजोर होने पर भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के तौर पर मजबूत प्रभाव देते रहे। आंधी और वर्षा के हालात भी लगातार बनते रहे। पश्चिमोत्तर के साथ- साथ मध्य, पूर्वी व दक्षिणी भारत में भी वर्षा हुई है। आगे भी अभी भीषण गर्मी पड़ने या लू चलने के आसार नहीं बन रहे हैं।

डॉ मृत्यंजय महापात्रा, महानिदेशक, भारत मौसम विज्ञान विभाग

शुक्रवार को आरेंज अलर्ट में भी बनी रही उमस भरी गर्मी

शुक्रवार के लिए मौसम विभाग ने तेज आंधी और वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया था। शाम को इसे यलो अलर्ट में तब्दील कर दिया गया। लेकिन खबर लिखे जाने तक वह भी सही न निकला। ना दिल्ली में आंधी चली और न खास वर्षा हुई। तेज धूप के चलते दिन भर उमस भरी गर्मी बनी रही।

 

शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री कम 34.8 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 75 से 50 प्रतिशत रहा। लोधी रोड पर बूंदाबांदी भी देखने को मिली।

 

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने और मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना है। हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक भी जा सकती है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 व 28 डिग्री रह सकता है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें